-
कुनाल त्यागी के 4 और प्रशांत वीर के 3 विकेट से मेरठ मैवरिक्स की टीम 116 रन पर हुई ऑलआउट, नहीं चले कप्तान रिंकू सिंह
लखनऊ, पायनियर। कुनाल त्यागी के चार और प्रशांत वीर के तीन विकेट की बदौलत नोएडा किंग्स ने यूपी टी-20 लीग के 11वें मुकाबले में मेरठ मैवरिक्स की पारी 116 रन पर समेट दी। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेरठ की टीम 19.3 ओवर में ऑलआउट हो गई। उसकी बल्लेबाजी का आलम यह रहा कि आठ बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सके, जबकि कप्तान रिंकू सिंह भी सिर्फ दो रन बनाकर पवेलियन लौटे।
मेरठ के लिए अक्षय दुबे ने सर्वाधिक 43 रन बनाए। उन्होंने 41 गेंदों की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया। उनके अलावा यश गर्ग ने 16 और संदीप तोमर ने 14 रन का योगदान दिया। इनके अलावा दिव्यांश राजपूत नौ, जीशान अंसारी छह, विजय कुमार पांच, दिव्यांश जोशी चार, कार्तिक त्यागी तीन, रिंकू सिंह दो और स्वास्तिक चिकारा एक रन ही बना सके। रितुराज शर्मा खाता भी नहीं खोल सके।
कप्तान रिंकू सिंह का बल्ला इस मुकाबले में नहीं चला और वह पांच गेंदों में दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए। रितुराज शर्मा खाता नहीं खोल सके, जबकि स्वास्तिक चिकारा भी एक रन ही बना पाए।
नोएडा के लिए कुनाल त्यागी ने चार ओवर में 16 रन देकर चार विकेट चटकाए। प्रशांत वीर ने चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट लिए। नमन तिवारी, शिवा सिंह और कार्तिक सिद्धू को एक-एक सफलता मिली।