राष्ट्रीय सरस मेले की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, 30 अक्टूबर तक पूरी होगी टेंडर प्रक्रिया

- 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक एमबी इंटर कॉलेज मैदान में लगेगा राष्ट्रीय स्तरीय मेला
- 250 स्टालों में दिखेगी देशभर के स्वयं सहायता समूहों की झलक
पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला 2026-27 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेले की व्यवस्थाओं को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं। मेले में देशभर के स्वयं सहायता समूहों के प्रतिभागियों के साथ करीब 250 स्टाल लगाए जाएंगे। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले की सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने 30 अक्टूबर से पहले सभी टेंडर प्रक्रिया पूरी कराने के लिए टीम गठित करने को कहा। साथ ही मेले में एक कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए, जिसमें विद्युत, लोनिवि, जल संस्थान, पुलिस, अग्निशमन और वन विभाग समेत महत्वपूर्ण विभागों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा, अग्निशमन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस और परिवहन विभाग को सुरक्षा एवं पार्किंग की कार्ययोजना तैयार करने, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। जल संस्थान और विद्युत विभाग को निर्बाध पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा नगर निगम को सफाई और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था करने को कहा गया। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेगा। मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला सूचना अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सीडीओ ने कहा कि मेले की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी। देशभर से आने वाले प्रतिभागियों और संभावित भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं मजबूत और सुव्यवस्थित रखना जरूरी है, ताकि आयोजन में किसी तरह की बाधा न आए।



