रानीबाग में गार्गी नदी और घाटों की सफाई, श्रद्धालुओं को स्वच्छता का संदेश

पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के तहत सोमवार को रानीबाग क्षेत्र में गार्गी नदी और आसपास के घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के दिशा-निर्देशन में आयोजित अभियान में नदी, घाट, अंतिम संस्कार स्थल और मंदिर तक जाने वाले मार्गों की सफाई की गई। अभियान के दौरान गार्गी नदी और उसके किनारों से प्लास्टिक, कचरा व अन्य अपशिष्ट हटाए गए। घाटों और अंतिम संस्कार स्थल पर लंबे समय से पड़े पुराने कपड़ों व अनुपयोगी सामग्री को भी हटाकर क्षेत्र को व्यवस्थित किया गया। मंदिर और घाट तक जाने वाले रास्तों की सफाई कर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। नगर निगम की टीम ने लोगों से नदी में कचरा, प्लास्टिक, धार्मिक सामग्री और पुराने कपड़े प्रवाहित न करने की अपील की। साथ ही घाट और अंतिम संस्कार स्थल पर सामग्री इधर-उधर न छोड़ने का आग्रह किया गया। अभियान में बैंणी सेना प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज नेगी, सफाई निरीक्षक शुभम, दीपक व कार्तिक तथा एसबीएम टीम के मनीष पांडे सहित सफाई कर्मी मौजूद रहे। नगर निगम ने कहा कि गार्गी नदी और उसके घाटों की स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी है।



