पीलीभीत।जिला अस्पताल परिसर स्थित मेडिकल कॉलेज के सीटी स्कैन रूम में पैरामेडिकल छात्रा की चाकू मारकर हत्या किए जाने के मामले में बुधवार को नया मोड़ आ गया। मृतका के चाचा विकास पटेल समेत अन्य परिजन डीएम कर्यालय पहुंचे जहाँ उन्होंने डीएम ज्ञानेंद्र सिंह और एसपी सुकृति माधव मिश्रा से मिलकर आरोपी छात्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने आरोपी को फांसी की सजा दिलाने और मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर जल्द न्याय दिलाने की मांग उठाई।
गौरतलब है कि मंगलवार सुबह मेडिकल कॉलेज के सीटी स्कैन रूम में पैरामेडिकल टेक्नीशियन छात्र सागर सिंह ने अपनी सहपाठी 21 वर्षीय कशिश पटेल, निवासी बरेली, पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। छात्रा को बचाने पहुंची सीटी स्कैन विभाग की महिला कर्मचारी निधि भी हमले में घायल हो गई थी। गंभीर रूप से घायल कशिश को प्राथमिक उपचार के बाद बरेली रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा का पोस्टमार्टम बरेली में कराया गया।
घटना के बाद अस्पताल कर्मचारियों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कोतवाली पुलिस ने पिता रोहिताश की तहरीर पर आरोपी सागर सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था । पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। वहीं, परिजनों ने प्रशासन से आरोपी को कठोरतम सजा दिलाने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है।
आज जेल भेजा जाएगा हत्यारोपी
मेडिकल कॉलेज की पैरामेडिकल छात्रा की चाकू गोदकर मौत के घाट उतारने वाले आरोपी छात्र को बुधवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ पूरी कर ली है। घटना में प्रयुक्त चाकू समेत अन्य साक्ष्य पहले ही बरामद किए जा चुके हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विवेचना तेजी से की जा रही है। उधर छात्रा की हत्या से मेडिकल कॉलेज में अब भी आक्रोश पनप रहा है और छात्र-छात्राएं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।










