नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत राजधानी दिल्ली में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पटेल नगर स्थित कालिंदी कॉलेज परिसर में सैकड़ों पौधे लगाए गए।
यह कार्यक्रम दिल्ली की प्रसिद्ध एनजीओ इंद्रप्रस्थ संजीवनी और कालिंदी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया गया, जिसमें छात्राओं के साथ कई गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इंद्रप्रस्थ संजीवनी के अध्यक्ष डॉ. संजीव अरोड़ा गंगापुत्र ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है और ऐसे में सामाजिक संगठनों व कंपनियों की भी जिम्मेदारी है कि वे पौधारोपण जैसे कार्यक्रमों को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि तेजी से हो रहे विकास कार्यों के चलते पेड़ों की कटाई हो रही है, जिसकी भरपाई नए पौधे लगाकर और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कर ही की जा सकती है।
कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्या प्रो. मीरा चंद्र ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. एस.डी. सिंह, रोटरी क्लब से संदीप अग्रवाल, गीतिका, कंचन, कमला अग्रवाल, अकाली दल नेता सरदार मंजीत सिंह औलख, भाजपा नेता देवेंद्र सिंह सेठी, विजय शर्मा, कृष्णा ओवरसीज इंक से जतिन नारंग, अदिति नारंग और सामाजिक कार्यकर्ता कमल हांडा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पौधारोपण के दौरान एनसीसी की छात्राओं ने तालियां बजाकर अपनी खुशी जाहिर की। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और अधिक से अधिक पौधे लगाने व उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।










