अनूप अग्रवाल ने सौंपी जिम्मेदारियां, सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, निर्बाध बिजली और उत्पीड़न रोकने समेत कई मांगें उठीं
पायनियर संवाददाता। पीलीभीत
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, पीलीभीत की नई जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। जिलाध्यक्ष अनूप अग्रवाल ने संगठन को अधिक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पदों पर अनुभवी और सक्रिय व्यापारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही संगठन ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में व्यापारियों की समस्याओं, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाए जाएंगे । बैठक में नवमनोनीत पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। सभी सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने, व्यापारी हितों की रक्षा करने और हर स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
इन पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारियां
नई कार्यकारिणी में विनीत अग्रवाल व अंकुर अग्रवाल को जिला महामंत्री बनाया गया। अश्विनी अग्रवाल (राइस मिलर), संजीव मोहन अग्रवाल और अजमेर सिंह छीना को जिला संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई।जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर नवीन लोधी, अखिलेश शुक्ला, कार्तिक भसीन, राजेंद्र अग्रवाल, घनश्याम अग्रवाल, संजय अग्रवाल, हरदेव सिंह नेगी और सुधीर पाल सिंह को मनोनीत किया गया। जिला उपाध्यक्ष के रूप में रवि बजाज, प्रेमचंद गोयल, सूरज गुप्ता, रवि अग्रवाल, आलोक बंसल एवं मदन अरोड़ा (मझोला) को जिम्मेदारी सौंपी गई। जिला मंत्री पद पर रचित अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, ताहिर अली, कौशल कुमार, अमृतपाल सिंह और नितिन गोयल को नियुक्त किया गया। जिला संगठन मंत्री के रूप में देवदत्त शर्मा, रचित गुप्ता, पवन अग्रवाल को जिम्मेदारी मिली।
राजेश कुमार को प्रचार मंत्री, मुकेश कुमार को मीडिया प्रभारी तथा संजय अग्रवाल को नगर अध्यक्ष बनाया गया। युवा इकाई में मोहित अग्रवाल (बीसलपुर) को युवा जिलाध्यक्ष, राकेश वर्मा को युवा नगर अध्यक्ष और निमित अग्रवाल को युवा नगर महामंत्री नियुक्त किया गया। इसके अलावा राकेश अरोड़ा को मझोला नगर अध्यक्ष, निमिष को पूरनपुर नगर अध्यक्ष, वीरेन्द्र अग्रवाल को बीसलपुर नगर अध्यक्ष और प्रदीप गुप्ता को अमरिया नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।
व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता : अनूप अग्रवाल
जिलाध्यक्ष अनूप अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से व्यापारियों के शस्त्र लाइसेंस के लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की। साथ ही भारतीय न्याय संहिता लागू होने से पूर्व प्रचलित धाराओं 411 व 412 जैसी कार्रवाई के नाम पर व्यापारियों के उत्पीड़न पर रोक लगाने तथा सभी व्यापारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की मांग उठाई।
व्यापारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ : विनीत अग्रवाल
जिला महामंत्री विनीत अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी वर्ग देश की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार है। व्यापारी नियमित रूप से जीएसटी, आयकर और अन्य करों का भुगतान कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है। ऐसे में सरकार को कर्मचारियों की तरह व्यापारियों के लिए भी स्वास्थ्य बीमा और सामाजिक सुरक्षा योजनाएं लागू करनी चाहिए।
फूड सेफ्टी जांच में पारदर्शिता और जलभराव से राहत की मांग
जिला महामंत्री अंकुर अग्रवाल ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए जाने वाले सैंपलों की जांच प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष होनी चाहिए, जिससे व्यापारी और उपभोक्ता दोनों के हित सुरक्षित रह सकें। उन्होंने नगर में नियमित सफाई व्यवस्था, बरसात के दौरान बाजारों में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान और व्यापारियों को होने वाले आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए प्रभावी नीति बनाने की मांग की।
सर्राफ कारोबार के पुराने मामलों पर स्पष्ट नीति की मांग
जिला मंत्री रचित अग्रवाल ने जिलाधिकारी से मांग की कि सर्राफा कारोबार में केवल तीन वर्ष पुरानी गिरवी रखी गई गांठों का ही लेखा-जोखा रखा जाए। इससे अधिक पुराने मामलों में व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई न की जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
निर्बाध बिजली आपूर्ति की उठाई मांग
जिला संरक्षक संजीव मोहन अग्रवाल ने कहा कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों के सुचारु संचालन के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति बेहद आवश्यक है। बार-बार बिजली बाधित होने से व्यापार प्रभावित होता है, इसलिए विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, व्यापारी हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने तथा व्यापारियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का संकल्प लिया।










