सावन और कांवड़ यात्रा से पहले टेढ़ी पुलिया पर नगर निगम का चला अभियान

मांस मछली विक्रेताओं को सख्त चेतावनी

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। सावन माह और कांवड़ यात्रा को देखते हुए गुडम्बा थाना क्षेत्र के टेढ़ी पुलिया रिंग रोड पर नगर निगम जोन-सात ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया। खुले में मांस, मछली और मुर्गा की बिक्री को लेकर प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए जोनल अधिकारी विकास सिंह के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। अभियान के दौरान टेढ़ी पुलिया चौराहे से खुर्रमनगर की ओर जाने वाले मार्ग पर संचालित मछली, मुर्गा और मटन की दुकानों का निरीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। जोनल अधिकारी विकास सिंह ने कहा कि सावन माह एवं कांवड़ यात्रा के दौरान जिन मार्गों से श्रद्धालु और कांवड़िए गुजरेंगे, वहां खुले में मांस, मछली और चिकन की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुकानदारों को दुकानें पूरी तरह ढककर रखने, स्वच्छता बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। नगर निगम ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी दुकानदार ने शासन के निर्देशों का उल्लंघन किया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को नियमों की जानकारी देते हुए सहयोग करने की अपील भी की।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *