मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे, हल्द्वानी में निकली मशाल और रथ यात्रा

पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को नैनीताल जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम नैनीताल रोड स्थित शहीद पार्क में हुआ। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन की यात्रा सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पण का प्रतीक है। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में संवैधानिक पद की शपथ ली थी। मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 वर्ष तथा मई 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर सेवा करते हुए उन्होंने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति मिली। जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, किसान सम्मान निधि और गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं से विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण सुना गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

इसके बाद शहीद चौक, ठंडी सड़क से नगर निगम सेवा ज्योति पार्क तक मशाल एवं रथ यात्रा निकाली गई। इसका शुभारंभ सांसद अजय भट्ट और अन्य गणमान्य लोगों ने किया। अंतरराष्ट्रीय धावक सुरेश पांडे और राष्ट्रीय धाविका ममता पाठक ने मशाल यात्रा में प्रतिभाग किया। सांसद ने घोषणा की कि नगर निगम पार्क का नाम अब ‘सेवा ज्योति यात्रा पार्क’ रखा जाएगा। कार्यक्रम में विधायक बंशीधर भगत, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, दीपक मेहरा, देवेंद्र ढैला, शांति मेहरा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, मोहन पाठक, भावना मेहरा, कौस्तुभानंद जोशी, प्रदीप जनोटी, पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, रंजन बर्गली, विनीत अग्रवाल, जिला सह प्रभारी रणदीप पोखरिया, कार्यक्रम संयोजक नवीन भट्ट, सह संयोजक कमल रावत, नीरज बिष्ट, सुरेश पांडे और ममता पांडे मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, बाल विकास अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, एपीडी चंद्रा फर्त्याल और बीडीओ तनवीर असगर सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति, बच्चे और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के जनसेवा कार्यकाल पर शुभकामनाएं देते हुए देश को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराया।



