मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
खेल

मेगा ट्रेंड्स, कूह स्पोर्ट्स, ग्रीन, व्हाइट, ब्लू, द क्रिएटर्स, स्पोर्ट्स कॉलेज और प्लेफिट ने दर्ज की शानदार जीत

स्व. सिराज खान मेमोरियल अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में प्लेफिट ने यूनिटी क्लब को 343, स्पोर्ट्स कॉलेज ने पैंथर्स एकेडमी को 307 व मेगा ट्रेंड्स ने यूनिटी एकेडमी को 204 रन से हराया। लखनऊ (पॉयनियर खेल संवाददाता)। स्व. सिराज खान मेमोरियल अंडर-16 क्रिकेट…

साझा करें WhatsAppFacebookX
मेगा ट्रेंड्स, कूह स्पोर्ट्स, ग्रीन, व्हाइट, ब्लू, द क्रिएटर्स, स्पोर्ट्स कॉलेज और प्लेफिट ने दर्ज की शानदार जीत
  • स्व. सिराज खान मेमोरियल अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में प्लेफिट ने यूनिटी क्लब को 343, स्पोर्ट्स कॉलेज ने पैंथर्स एकेडमी को 307 व मेगा ट्रेंड्स ने यूनिटी एकेडमी को 204 रन से हराया।

लखनऊ (पॉयनियर खेल संवाददाता)। स्व. सिराज खान मेमोरियल अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबलों में सोमवार को कुल आठ मुकाबले खेले गये। इसमें मेगा ट्रेंड्स, कूह स्पोर्ट्स, सीएएल ग्रीन, सीएएल व्हाइट, सीएएल ब्लू, द क्रिएटर्स क्रिकेट क्लब, गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज और प्लेफिट क्रिकेट क्लब ने अपने-अपने मैच जीतकर पूरे अंक अर्जित किए।

सूर्या क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में सीएएल व्हाइट ने सीएएल रेड को 10 विकेट से रौंदा। सीएएल रेड के 220 रनों के जवाब में मैन ऑफ द मैच अभिनव सिंह (नाबाद 112) और सनी सिंह (नाबाद 80) ने पहले विकेट के लिए 221 रनों की अटूट साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी।

वहीं, एसएआर क्रिकेट ग्राउंड पर मेगा ट्रेंड्स ने प्रबलजीत के 70 और उत्कर्ष के 59 रनों की मदद से 293 रन बनाए। जवाब में यूनिटी एकेडमी वारिस अली और मैन ऑफ द मैच अर्जुन दुबे की घातक गेंदबाजी (4-4 विकेट) के सामने 89 रनों पर सिमट गई, जिससे मेगा ट्रेंड्स 204 रन से विजयी रहा।

जीसीआरजी ग्राउंड पर कूह स्पोर्ट्स क्लब ने राकोन स्पोर्ट्स के 187 रनों के लक्ष्य को मैन ऑफ द मैच आदित्य सिन्हा के नाबाद 71 और निखिल के नाबाद 53 रनों की बदौलत 8 विकेट खोकर हासिल कर लिया। सिन्द्रा ग्राउंड पर सीएएल ग्रीन ने ‘मैन ऑफ द मैच’ कप्तान सिद्धार्थ पांडे के शानदार शतक (110 रन) के दम पर 203 रन बनाए, जिसके जवाब में सीएएल ऑरेंज 165 रन ही बना सकी और ग्रीन ने 38 रनों से जीत दर्ज की। ब्लेज विलो ग्राउंड, गोसाईंगंज में सीएएल ब्लू ने सीएएल ब्राउन को 8 विकेट से पराजित किया।

सीएएल ब्राउन के 126 रनों के जवाब में, जिसमें ‘मैन ऑफ द मैच’ कुमार अभिनव ने 3 विकेट झटके थे, सीएएल ब्लू ने कुमार अभिनव के नाबाद 68 और उत्कर्ष वर्मा के नाबाद 40 रनों की बदौलत 8.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। क्रिएटर्स ग्राउंड पर द क्रिएटर्स क्रिकेट क्लब ने मैन ऑफ द मैच राज शुक्ला के 68 रनों की मदद से 271 रन बनाए और कंचन स्पोर्ट्स को आश्विन यादव के 77 रनों के बावजूद 140 रनों पर ढेर कर 131 रनों से मैच जीत लिया।

स्पोर्ट्स कॉलेज ग्राउंड पर गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज ने पैंथर्स क्रिकेट एकेडमी को 307 रनों से हराया। टीम ने कप्तान और ‘मैन ऑफ द मैच’ हर्ष यादव के धमाकेदार शतक (103 रन, 51 गेंद), ओम मिश्रा के 87 और अंश सिंह बिष्ट के 80 रनों के दम पर 5 विकेट पर 353 रन बनाए और जवाब में पैंथर्स एकेडमी को हर्ष यादव (4 विकेट) व विनायक सिंह (4 विकेट) की घातक गेंदबाजी के सामने 46 रनों पर समेट दिया।

प्लेफिट क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए एक अन्य बड़े मुकाबले में मेजबान प्लेफिट क्रिकेट क्लब ने यूनिटी क्रिकेट क्लब को 343 रनों के ऐतिहासिक व विशाल अंतर से शिकस्त दी। प्लेफिट क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हुजैफा खान के शानदार 59 रन, मणिक खत्री के 38 रन और कप्तान मीकाएल खान के 28 रनों की बदौलत निर्धारित 35 ओवरों में 400/8 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यूनिटी क्रिकेट क्लब के लिए अर्नव उपाध्याय ने 3 विकेट चटकाए। जवाब में यूनिटी क्रिकेट क्लब की टीम प्लेफिट के गेंदबाजों के आगे पूरी तरह नतमस्तक हो गई।

प्लेफिट क्रिकेट क्लब के मैन ऑफ द मैच वसीम अहमद ने घातक गेंदबाजी करते हुए न सिर्फ हैट्रिक ली, बल्कि महज 19 रन देकर 6 विकेट झटके और विरोधी टीम को 19 ओवर में सिर्फ 57 रनों पर ऑलआउट कर दिया।