लेखपालों का धरना, समाधान दिवस का बहिष्कार,तहसील में अटके फरियादियों के काम

2800 ग्रेड-पे समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन, मांगें पूरी न होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
पायनियर संवाददाता। सीतापुर
शनिवार को सिधौली तहसील मुख्यालय पर उस समय प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हुआ, जब उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा सिधौली ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना देते हुए संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार कर दिया। उपजिलाधिकारी कार्यालय के निकट तहसील अध्यक्ष ललित सिंह और महामंत्री पवन रॉय के नेतृत्व में लेखपालों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। लेखपालों ने 2800 ग्रेड-पे, वेतन विसंगति दूर करने, अंतरमंडलीय स्थानांतरण, पदोन्नति, नई भर्ती, तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने, कार्यस्थल पर जरूरी सुविधाएं और स्थायीकरण समेत विभिन्न मांगें उठाईं। लेखपालों के समाधान दिवस से दूर रहने के कारण तहसील पहुंचे फरियादियों को भी इसका असर झेलना पड़ा। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से मांगों को लेकर शासन स्तर पर आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। चेतावनी दी गई कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। धरने में अनिल कुमार, अनूप कुमार, मनमोहन कटियार, शशांक मिश्रा, शरद कुमार, रवि मिश्रा, शिवेंद्र सिंह, सौरभ सिंह, आनंद तिवारी, अमित गौर, सर्वेश सिंह, आशीष श्रीवास्तव, रविंद्र गुप्ता, उत्तम पाल, प्रमोद सिंह, प्रमोद यादव, उमेश कुमार, दीपिका सिंह चैहान, बरखा जायसवाल, ऋचा रस्तोगी, इरम खातून समेत बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।



