एलडीएः वरूण विहार व नैमिष नगर योजना एक साथ होगी लांच

– 3100 से अधिक आवासीय भूखण्डों के लिए खुलेगा ऑनलाइन पंजीकरण

– एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक करके लांचिंग की रूपरेखा की तैयार

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। एलडीए अपनी वरूण विहार व नैमिष नगर योजना को एक साथ लांच करेगा। इन योजनाओं के 02-02 सेक्टरों में लगभग 3100 आवासीय भूखण्डों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण खोला जाएगा। ये भूखण्ड 72 वर्गमीटर से लेकर 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल के होंगे। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सोमवार को पारिजात सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करके लांचिंग की रूपरेखा तैयार की। साथ ही दोनों योजनाओं में 18 मीटर से 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड का कार्य शुरू कराने के निर्देश दिये। बैठक में सचिव विवेक श्रीवास्तव, अपर सचिव सी0पी0 त्रिपाठी, संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह व एसडीएम संगीता राघव समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि आगरा एक्सप्रेस-वे पर लगभग 6,580 एकड़ क्षेत्रफल में वरूण विहार योजना विकसित की जाएगी। जिसके लिए सदर व सरोजनीनगर तहसील के ग्राम-भलिया, आदमपुर इन्दवारा, बहरू, जलियामऊ एवं मदारपुर, इब्राहिमगंज, नकटौरा, गहलवारा, तेजकृष्ण खेड़ा, रेवरी, सकरा एवं दोना की भूमि जुटायी जा रही है। योजना में लगभग 3.5 लाख की आबादी को आवासीय सुविधा मिलेगी। साथ ही शहर के उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा व लॉजिस्टिक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास होगा।

वरूण विहार में लांच होंगे 1926 भूखण्ड
वरूण विहार में 800 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में ग्रीन बेल्ट, पार्क व वॉटर बॉडीज विकसित की जाएगी, जिसमें 01 अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स व सेंट्रल पार्क होगा। इसके अलावा 300 एकड़ क्षेत्रफल मेें लॉजिस्टिक पार्क विकसित किया जाएगा। उपाध्यक्ष ने बताया कि वरूण विहार योजना में प्रथम चरण में कुल 1926 आवासीय भूखण्ड लांच किये जाएंगे। इसमें कैलाश खण्ड के 1218 और काशी खण्ड के 708 भूखण्ड शामिल हैं।

नैमिष नगर में 1179 भूखण्डों का खुलेगा पंजीकरण
आई0आई0एम0 रोड पर लगभग 3600 एकड़ क्षेत्रफल में प्रस्तावित नैमिष नगर योजना लखनऊ के उत्तरी हिस्से का विकास मॉडल बनेगी। जिसके लिए बी0के0टी0 तहसील के ग्राम-भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोड़री भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी व दुग्गौर की जमीन जुटायी जा रही है। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि नैमिष नगर योजना में प्रथम चरण में कुल 1179 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला जाएगा। इसमें ब्रह्मा खण्ड के 669 और भूमि खण्ड के 510 भूखण्ड शामिल होंगे।

Chief Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *