‘लव लॉटरी’ फिल्म के साथ कथावाचक और वॉइस ओवर कलाकार तरिक अहमद बड़े पर्दे पर अपने करियर का नया अध्याय लिखने को तैयार

नई दिल्ली: अपनी दमदार आवाज, कहानी कहने की कला और वॉइस ओवर के लिए पहचान बनाने वाले तरिक अहमद अब हिंदी फीचर फिल्म ‘लव लॉटरी’ के साथ बड़े पर्दे पर अपने करियर का नया अध्याय लिखने को तैयार हैं। 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म में तरिक अहमद एक बेहद खास भूमिका में नजर आएंगे।
रेडियो की दुनिया से अपने करियर की शुरुआत करने वाले तरिक अहमद पूर्व रेडियो जॉकी रह चुके हैं। इसके बाद उन्होंने कथावाचक और वॉइस ओवर कलाकार के तौर पर अपनी अलग पहचान बनाई। अपनी आवाज के जरिए कहानियों और किरदारों में जान डालने वाले तरिक अब कैमरे के सामने अपने अभिनय का हुनर दिखाने जा रहे हैं।
राजिंदर पिल्लई के किरदार में नजर आएंगे तरिक अहमद
‘लव लॉटरी’ में तरिक अहमद राजिंदर पिल्लई का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी में उनका किरदार बेहद खास है और कथानक को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अपने किरदार के बारे में ज्यादा कुछ उजागर न करते हुए तरिक अहमद कहते हैं, “मेरा किरदार एक अधेड़ उम्र के आशिक मिजाज इंसान का है। इसके बारे में इससे ज्यादा अभी कुछ नहीं बताना चाहूंगा, बाकी आपको फिल्म देखकर ही पता चलेगा।”
एक कथावाचक और वॉइस ओवर कलाकार के तौर पर आवाज और भाव-भंगिमाओं पर मजबूत पकड़ रखने वाले तरिक के लिए राजिंदर पिल्लई का किरदार एक नई रचनात्मक चुनौती भी है। अब तक अपनी आवाज से दर्शकों और श्रोताओं तक पहुंचने वाले तरिक अब बड़े पर्दे पर अपनी स्क्रीन मौजूदगी और अभिनय के जरिए दर्शकों से रूबरू होंगे।
दमदार कलाकारों के साथ बनी है ‘लव लॉटरी’
सिनेमा-गंज फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘लव लॉटरी’ का निर्देशन अरविंद पांडे ने किया है और फिल्म के निर्माता कुलदीप भार्गव (उर्फ तुषार) हैं। फिल्म की कहानी और पटकथा अंकुर खत्री ने लिखी है।
फिल्म में अक्षय ओबेरॉय, हेली दारूवाला, कबीर दुहान सिंह, विजयंत कोहली, हेमंत पांडे, इंदिरा कृष्णा, संतोष शुक्ला, विक्रम शर्मा और तरिक अहमद सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
पुरुष अधिकारों के मुद्दे को केंद्र में रखती है फिल्म
‘लव लॉटरी’ अपनी कहानी के विषय को लेकर भी खास है। फिल्म पुरुष अधिकारों के मुद्दे को केंद्र में रखती है और रिश्तों, कानून तथा पुरुषों से जुड़े सामाजिक पहलुओं को एक अलग नजरिए से सामने लाने की कोशिश करती है।
लेखक अंकुर खत्री ने इस संवेदनशील विषय को बेहद सुलझे हुए तरीके से कहानी में रखा है, जबकि निर्देशक अरविंद पांडे ने इसे यथार्थवादी और सहज अंदाज में पर्दे पर उतारा है।
फिल्म की शूटिंग देहरादून में हुई है। फिल्म के संगीत को वरुण मिश्रा और अरविंद पांडे ने तैयार किया है, जबकि फिल्म के गीत अरविंद पांडे ने लिखे हैं।
जावेद अली, राधिका भिड़े और कृष्णा बेउरा की आवाज में सजे फिल्म के गाने
‘लव लॉटरी’ के संगीत को लेकर भी दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म के गानों को अपनी आवाज दी है मशहूर गायकों जावेद अली, राधिका भिड़े और कृष्णा बेउरा ने।
फिल्म का गाना ‘नजर लग जाएगी’ रिलीज होने के बाद से ही श्रोताओं के बीच काफी पसंद किया जा रहा है और इसे दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। वहीं फिल्म का दूसरा गाना, जिसे कृष्णा बेउरा ने अपनी आवाज दी है, उसे लेकर भी तरिक अहमद काफी उत्साहित हैं।
फिल्म के संगीत को लेकर तरिक कहते हैं, “‘नजर लग जाएगी’ को जिस तरह से लोगों का प्यार मिल रहा है, वह बहुत खुशी की बात है। वहीं कृष्णा बेउरा की आवाज में आने वाला फिल्म का दूसरा गाना ‘बेवफा’ एक बहुत ही खूबसूरत विरह गीत है। मुझे लगता है कि यह इस साल का सबसे पसंद किया जाने वाला विरह गीत बन सकता है। लेकिन इसके लिए आपको गाना सुनना होगा और फिर खुद फैसला करना होगा।”
रेडियो से बड़े पर्दे तक का सफर
तरिक अहमद के लिए ‘लव लॉटरी’ उनके रचनात्मक सफर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। रेडियो जॉकी के तौर पर रेडियो श्रोताओं से जुड़ने के बाद कथावाचक और वॉइस ओवर कलाकार के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले तरिक अब एक अभिनेता के रूप में दर्शकों के सामने होंगे।
राजिंदर पिल्लई के किरदार में तरिक अहमद का अंदाज कितना अलग और प्रभावशाली होगा, यह 18 सितंबर को फिल्म की रिलीज के बाद देखने को मिलेगा। लेकिन इतना जरूर है कि कहानी कहने और वॉइस ओवर की दुनिया से बड़े पर्दे तक का उनका यह सफर उनके करियर में एक नया अध्याय जोड़ने वाला है।



