पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बिजनौर इलाके में बुधवार सुबह एक मजदूर युवक ने संदिग्ध हालत में फांसी लगाकर अपनी जान गवां दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक गोंडा के नगर कोतवाली थाना अंतर्गत गरीबे पुरवा निवासी कन्हैयालाल उपाध्याय का बेटा शुभम उपाध्याय (26) बिजनौर के गढ़ी मोहल्ला में रहने वाले कमलेश कुमार बहेलिया के नटकुर के बालाजीपुरम कॉलोनी स्थित मकान में किराए पर रहकर कुछ दूर स्थित मदरसन कंपनी में काम करता था।
वह कुछ दिनों पहले अपने गांव चला गया था और मंगलवार को ही घर से वापस लौट कर आया था। यहाँ उसके साथ दो अन्य लड़के भी उसी कमरे में रहकर साथ में नौकरी करते हैं। पुलिस के मुताबिक शुभम के साथ रहने वाले दोनों लड़के बुधवार सुबह छह बजे ड्यूटी पर चले गए, जबकि शुभम दूसरी शिफ्ट में दोपहर बाद दो बजे ड्यूटी जाने की बात कह कर कमरे पर ही रुक गया।लेकिन जब दोपहर बाद दोनों लड़के ड्यूटी से वापस लौटे तो शुभम कमरे के अंदर पंखे में चादर के सहारे मृत लटका मिला। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मृतक के भाई मनोज को घटना की सूचना देते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।










