अस्पताल में भर्ती चालक की मौत, पत्नी और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊबिजनौर इलाके में चार दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में घायल हुए एक पिकअप चालक की बीतीरात अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। घटना के बाद मृतक के पिता ने बेटे की पत्नी और उसके मायके वालों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। रायबरेली के लालगंज स्थित राजपतनगर निवासी सुभाष चंद्र के मुताबिक उनके बेटे सुमित कुमार (30) ने करीब 11 वर्ष पहले लव मैरिज की थी। विवाह के बाद वह पत्नी पूजा, 10 वर्षीय बेटी नैंसी और सात वर्षीय बेटे अंश के साथ बिजनौर के घसियारी मोहल्ले में रहकर पिकअप गाड़ी चलाता था।

6 जुलाई को उनकी बेटी नेहा ने सूचना दी कि सुमित गंभीर हालत में लोकबंधु अस्पताल में भर्ती है। सुभाष लोकबंधु अस्पताल पहुंचे तो सुमित के शरीर पर कई चोटों के निशान होने के साथ वह बेहोश था। लेकिन बुधवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता सुभाष का आरोप है कि बहू पूजा ने अपने भाइयों आकाश, सूरज, बहनोई और अन्य रिश्तेदारों को बुलाकर सुमित की बेरहमी से पिटाई कराई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उनका कहना है कि पूजा पहले भी सुमित को जान से मरवाने की धमकी देती रहती थी।

सुभाष ने यह भी आरोप लगाया कि सुमित द्वारा खरीदी गई जमीन को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और इसी विवाद के चलते घटना को अंजाम दिया गया। सुभाष का यह भी आरोप है कि उसका दूसरा बेटा सौरभ बंथरा के कॉलोनी में रहकर काम करता है उसे भी बहू पूजा मामले में पड़ने पर जान से मारने की धमकी दे चुकी है। उधर इस मामले में बिजनौर प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि सुमित ने किसी बात से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। घटना की जानकारी होने पर उसकी पत्नी ने उसे लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जाँच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *