खटीमा मंडी में पांचवें दिन भी धान खरीद ठप, किसानों का धरना जारी, प्रशासन के खिलाफ फूटा गुस्सा

- उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी धरने में पहुंचे, बोले- बैंक गारंटी बढ़ाकर मिलरों को किया परेशान
- भाकियू नेताओं ने कहा- आश्वासन देकर गायब हो रहे अधिकारी
पायनियर समाचार सेवा। खटीमा। जनपद उधम सिंह नगर खटीमा कृषि उत्पादन मंडी में धान खरीद पांचवें दिन भी शुरू नहीं होने से किसानों का आक्रोश बढ़ गया है। सोमवार को करीब 25 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर पहुंचे किसानों को फिर लौटा दिया गया, जिसके बाद किसानों ने मंडी गेट बंद कर दिए, और किसानों ने सामूहिक रूप से धरना शुरू कर दिया है। मौके पर पहुंचे उपनेता प्रतिपक्ष व खटीमा विधायक भुवन कापड़ी ने धरने को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने आरएफसी, एसडीएम और एसएमआई से बात की। एसएमआई का कहना है कि मिलर धान लेने को तैयार नहीं हैं। मिलरों ने बताया कि सरकार ने 20 लाख की बैंक गारंटी को साढ़े 12 गुना बढ़ाकर ढाई करोड़ कर दिया है। साथ ही 500 करोड़ का पुराना भुगतान बकाया है और 4 लाख क्विंटल चावल अभी तक नहीं उठा है। सरकार चाहती है कि किसान परेशान होकर फसल औने-पौने दाम पर बेच दे।
भाकियू चढूनी के जिलाध्यक्ष मनजिंदर सिंह भुल्लर ने कहा कि 1 अक्टूबर से खरीद का वादा था, लेकिन 2 अक्टूबर को एसडीएम तुषार सैनी ने 5 अक्टूबर से खरीद का आश्वासन देकर 5 ट्रॉलियों को मंडी में रखवाया था। आज फिर खरीद नहीं हुई। अन्नदाता सड़क पर बैठा है, बाहर 1700-1800 रुपये में धान बिक रहा है, सरकार एमएसपी पर खरीद से मुकर रही है। भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष गुरसेवक सिंह ने कहा कि एसडीएम साहब आश्वासन देकर गायब हैं। यही हर बार होता है। किसान कर्जा लेकर, घर की पूंजी लगाकर फसल लाया है, लेकिन सुबह से धरने पर बैठे किसानों की सुध लेने कोई अधिकारी नहीं आया। उन्होंने चेतावनी दी कि शाम तक खरीद शुरू नहीं हुई तो बड़ा निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान गुरसेवक सिंह जिला अध्यक्ष भाकियू टिकैत, मनजिंदर सिंह भुल्लर जिला अध्यक्ष भाकियू चढूनी, मलूक सिंह खिंडा, गुरविंदर सिंह भुल्लर, हरप्रीत सिंह, केवल सिंह, कुलदीप सिंह, जसवंत सिंह, बलजीत सिंह, जसविंदर सिंह बाजवा, जसप्रीत सिंह, सुरेंद्र सिंह राणा, बलविंदर सिंह, अमरजीत सिंह, लखविंदर सिंह लख्खा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।



