- सरकार ने एटीएफ में सामान्य एथेनॉल मिलाने की नहीं की है कोई घोषणा।
एजेंसी। नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के उस दावे को भ्रामक बताया है, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार पर एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) में एथेनॉल मिलाने की योजना बनाने का आरोप लगाया था। मालवीय ने कहा कि सरकार ने एटीएफ में सामान्य एथेनॉल मिलाने की कोई घोषणा नहीं की है, बल्कि सतत विमानन ईंधन (एसएएफ) को नियामकीय ढांचे में शामिल किया है।
मालवीय ने गुरुवार को एक्स पोस्ट में कहा कि एसएएफ सामान्य एथेनॉल नहीं है, बल्कि उन्नत तकनीक से तैयार किया गया विमानन-ग्रेड ईंधन है, जिसकी रासायनिक संरचना पारंपरिक एटीएफ के समान होती है और यह विमान के इंजनों के साथ पूरी तरह अनुकूल है। विमानों में उपयोग की स्वीकृति मिलने से पहले एसएएफ का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्य एएसटीएम मानकों के अनुरूप कठोर परीक्षण और प्रमाणन किया जाता है, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आईसीएओ) भी मान्यता देता है। सरकार के अनुसार, एसएएफ से विमानन ईंधन की मूल प्रकृति, सुरक्षा या प्रदर्शन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता।
मालवीय ने कहा कि भारत वैश्विक विमानन मानकों के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। आईसीएओ के कॉर्सिया ढांचे और दुनिया के कई प्रमुख विमानन बाजार उत्सर्जन कम करने के उद्देश्य से प्रमाणित एसएएफ के उपयोग को बढ़ावा दे रहे हैं, जबकि सुरक्षा के उच्चतम मानकों को भी बनाए रखा जा रहा है। प्रमाणित सतत विमानन ईंधन को सामान्य एथेनॉल को जेट ईंधन में मिलाने के समान बताना तथ्यात्मक रूप से गलत है और इससे विमानन सुरक्षा को लेकर अनावश्यक आशंका पैदा होती है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले केजरीवाल ने एक्स पर दावा किया था कि केंद्र सरकार एटीएफ में एथेनॉल मिलाने की योजना बना रही है। उन्होंने कुछ विशेषज्ञों के हवाले से कहा था कि ऐसा कदम उड़ानों की सुरक्षा से समझौता कर सकता है।










