मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
खेल

जिया और कृष्णा ने जूनियर नेशनल तैराकी चैंपियनशिप में जीते रजत पदक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के तैराकों ने भुवनेश्वर में आयोजित 52वीं जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक अपने नाम किए। झांसी की जिया यादव ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक और कृष्णा यादव ने 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में…

साझा करें WhatsAppFacebookX
जिया और कृष्णा ने जूनियर नेशनल तैराकी चैंपियनशिप में जीते रजत पदक
जिया और कृष्णा ने जूनियर नेशनल तैराकी चैंपियनशिप में जीते रजत पदक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के तैराकों ने भुवनेश्वर में आयोजित 52वीं जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक अपने नाम किए। झांसी की जिया यादव ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक और कृष्णा यादव ने 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में रजत पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

50 मीटर बैकस्ट्रोक में जिया यादव ने 30.59 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र की अन्वी देशवाल ने 30.47 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि तमिलनाडु की प्रमिति ज्ञानसेकरन 30.98 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

वहीं, 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में कृष्णा यादव ने 57.11 सेकंड का समय निकालकर रजत पदक हासिल किया। इस स्पर्धा में मणिपुर के तैराक ने स्वर्ण और कर्नाटक के तैराक ने कांस्य पदक जीता।

जिया यादव और कृष्णा यादव दोनों भुवनेश्वर स्थित ग्लेनमार्क एकेडमी में भारतीय टीम के राष्ट्रीय कोच पार्थ मजूमदार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों की लगातार शानदार उपलब्धियों पर उत्तर प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष राजा जय प्रताप सिंह ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

यूपीएसए के संरक्षक न्यायमूर्ति यू.के. धौन और मोहम्मद फरीद महफूज किदवई ने भी जिया यादव और कृष्णा यादव को राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने पर बधाई दी। उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय, यूपी रोइंग एसोसिएशन के मानद सचिव सुधीर शर्मा, यूपी टेनिस एसोसिएशन के मानद सचिव पुनीत अग्रवाल, यूपी ट्रायथलॉन एसोसिएशन के मानद सचिव संदीप मिश्रा सहित उत्तर प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन के सभी सदस्यों ने दोनों तैराकों के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।