पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बंथरा इलाके में शनिवार को एक निजी अस्पताल में उन्नाव जिले की एक मासूम बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। मासूम बच्ची शनिवार सुबह अपने घर के बाहर खेलते समय मारुति वैन की चपेट में आकर घायल हुई थी। जिसके बाद परिजनों ने उसे यहां भर्ती कराया था। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक उन्नाव जिले के पुरवा के रतौला गांव निवासी किशन पाल की तीन वर्षीया मासूम बेटी रूही शनिवार सुबह घर के बाहर खेल रही थी।
इस दौरान करीब आठ बजे परिवार का ही एक युवक कहीं जाने के लिए मारुति वैन पीछे करने लगा। तभी वैन के टायर की चपेट में आकर बच्ची बुरी तरह घायल हो गई थी। करीब 10 बजे परिजनों ने आनन-फानन उसे बंथरा के जुनाबगंज स्थित प्रसाद हॉस्पिटल पहुंचाया। लेकिन इलाज के दौरान दोपहर लगभग 12 बजे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पहुंची बंथरा पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की। इस दौरान बच्ची के परिजनों ने पहले तो उसका पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। लेकिन बाद में वह तैयार हो गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि बच्ची के परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।