मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
राष्ट्रीय

अपनापन समझें तो मिटेंगी दुनिया की बाधाएं : भागवत

अपनेपन की भावना भूलने से ही पैदा होते हैं संकट : मोहन भागवत एजेंसी। नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने मंगलवार को कहा कि सार्वभौमिक चेतना मानवता को जोड़कर रखती है और अगर लोग इस साझा जुड़ाव को…

साझा करें WhatsAppFacebookX
अपनापन समझें तो मिटेंगी दुनिया की बाधाएं : भागवत
  • अपनेपन की भावना भूलने से ही पैदा होते हैं संकट : मोहन भागवत

एजेंसी। नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने मंगलवार को कहा कि सार्वभौमिक चेतना मानवता को जोड़कर रखती है और अगर लोग इस साझा जुड़ाव को समझ लें एवं उसी के अनुसार अपना व्यवहार ढाल लें, तो दुनिया में बाधाएं और संकट नहीं रहेंगे। भागवत ने यहां प्रसिद्ध गणेश टेकरी मंदिर में पूजा-अर्चना की और मंदिर के गर्भगृह का उद्घाटन किया। संघ प्रमुख ने मंदिर परिसर में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सार्वभौमिक चेतना सबमें व्याप्त है। भागवत ने कहा, भगवान गणेश ऊर्जा के स्रोत हैं और संगठन के सच्चे अर्थ का प्रतिनिधित्व करते हैं। हर कोई इस अपनेपन की भावना से अनजाने ही परिचित है और स्वयं को दूसरे से जुड़ा महसूस करता है। सच्ची एकता क्या है? हम सभी एक ही ऊर्जा की अभिव्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि अगर इस सार्वभौमिक चेतना को समझ लिया जाए, तो व्यक्ति का अपने प्रति, दूसरों के प्रति और दुनिया के प्रति व्यवहार बदल जाता है। आरएसएस प्रमुख ने कहा, आम भाषा में, हम इस भावना को अपनापन या जुड़ाव की भावना कहते हैं। अगर इस भावना को सोच-समझकर मजबूत किया जाए और व्यक्ति अपने व्यवहार को उसी के अनुसार ढाले, तो हमारी दुनिया में कोई बाधा नहीं रहेगी। भागवत ने कहा, आज दुनिया में जो भी बाधाएं और संकट दिख रहे हैं, वे इसलिए हैं, क्योंकि हम अपनेपन की भावना भूल गए हैं और इसका एकमात्र वास्तविक समाधान यही है: हमारा व्यक्तिगत, सामूहिक, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आचरण उसी ‘अपनेपन’ की भावना पर आधारित होना चाहिए। तब बाधाएं दूर हो जायेंगी।

नागपुर में युवाओं से रूबरू होंगे भागवत

नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत 15 अगस्त को यहां लोकमत मीडिया समूह द्वारा आयोजित किये जा रहे एक कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवाओं से बातचीत करेंगे। आयोजकों ने यह घोषणा की। यह कार्यक्रम आरएसएस सरसंघचालक के मुंबई में एक कार्यक्रम में जेन-जी से संवाद करने के कुछ दिन बाद होने वाला है। एक विज्ञप्ति के अनुसार, भागवत सुबह 9:30 बजे कस्तूरचंद पार्क में ध्वजारोहण करेंगे। इसी पार्क में मार्च महीने में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोकमत मीडिया समूह द्वारा लगाए गए 200 फुट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का उद्घाटन किया था। बयान के मुताबिक, ध्वजारोहण के बाद एक विशेष कार्यक्रम होगा, जहां भागवत भारत के उज्ज्वल भविष्य में युवाओं का योगदान विषय पर युवाओं से संवाद करेंगे। बयान के अनुसार, लोकमत मीडिया समूह के संपादकीय बोर्ड के अध्यक्ष और राज्यसभा के पूर्व सदस्य डॉ. विजय दर्डा के विचार पर आधारित इस खास पहल का आयोजन लोकमत समूह और नागपुर नगर निगम ने संयुक्त रूप से किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, महापौर नीता ठाकरे, नगर आयुक्त डॉ. विपिन इतांकर और विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी। मीडिया समूह ने कहा कि मुंबई में जेन-जी के साथ भागवत की बातचीत से देश-विदेश में काफी चर्चा शुरू हो गयी। सरसंघचालक अब नागपुर में युवाओं से बातचीत करने वाले हैं। चूंकि, नागपुर आरएसएस का मुख्यालय भी है, इसलिए इस कार्यक्रम को खास दिलचस्पी के साथ देखा जा रहा है।