-चिलौली गांव के पास गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हुआ दर्दनाक हादसा।
-हादसे में 12 वर्षीय मासूम दानिश और 19 वर्षीय युवक अंकित की उपचार के दौरान मौत।
-घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर।
-इकलौते बेटे की मौत से मां-बाप बेसुध, परिवारों में पसरा मातम।
रविकांत दुबे, कानपुर देहात।
थाना क्षेत्र के रूरा-डेरापुर मार्ग पर चिलौली गांव के समीप गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार और ऑटो के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में ऑटो सवार दो लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि चालक समेत पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ ही मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
तेज रफ्तार कार ने ऑटो के उड़ाए परखच्चे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे सवारियों से भरा एक ऑटो रूरा से डेरापुर की तरफ जा रहा था। जैसे ही ऑटो चिलौली गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों और सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रूरा पहुंचाया। वहाँ डॉक्टरों ने मल्हानपूरवा निवासी दानिश (12 वर्ष) पुत्र गुड्डू और बनामई (थाना भरथना) निवासी अंकित (19 वर्ष) पुत्र राजेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अन्य पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घायलों की सूची:
संजीव श्रीवास्तव (निवासी परोंख), रहमत अली व उनका नाती आसिफ (निवासी फतेहपुर), सलीम (निवासी मल्हानपूरवा) और ऑटो चालक धर्मेंद्र (निवासी गहोबा)।
करुण क्रंदन: बुझ गया घर का इकलौता चिराग
मल्हानपूरवा निवासी गुड्डू के घर बुधवार को ही फतेहपुर से उनके ससुर और भतीजे आए थे। गुरुवार को गुड्डू का 12 वर्षीय बेटा दानिश अपने नाना और रिश्तेदारों के साथ मंगलपुर के प्रयागपुर अपनी मौसी के घर जाने के लिए निकला था। किसे पता था कि यह मासूम की आखिरी यात्रा साबित होगी। दानिश अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत की खबर मिलते ही मां गुलशन बेगम और पिता गुड्डू का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
मामा के घर जा रहा था अंकित, भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल हादसे का दूसरा शिकार बना 19 वर्षीय अंकित कुमार, जो बनामई (थाना भरथना) के किसान राजेश का पुत्र था। अंकित तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और गुरुवार सुबह वह डेरापुर के सबदलपुर गांव में रहने वाले अपने मामा के घर जाने के लिए निकला था। अंकित की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। छोटे भाई आशीष और आयुष का रो-रोकर बुरा हाल है, जिन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि उनका बड़ा भाई अब इस दुनिया में नहीं रहा।
पुलिस की कार्रवाई
थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया:
“हादसे के बाद कार और ऑटो दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने खड़ा करा दिया गया है। कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”










