हत्या का खुलासा कर पुलिस ने एक युवक को भेजा जेल

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बिजनौर इलाके में बीते दिनों एक मकान के बाहर दीवार के सहारे बैठी हालत में मृत मिले युवक के मामले में पुलिस ने शनिवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने मृतक की जेब से रुपए निकालने के लालच में वारदात को अंजाम दिया था।न बताते चलें कि बिजनौर के रहीमाबाद निवासी मेड़ीलाल के 25 वर्षीय बेटे सचिन उर्फ राजा का शव मंगलवार सुबह संदिग्ध हालात में उसके घर से करीब 300 मीटर दूर रमेश यादव के मकान के बाहर दीवार के किनारे बैठी स्थिति में मिला था। उसके दोनों पैरों के तलवों में एक ही जगह विद्युत करंट से झुलसने के घाव बने थे।
इसको लेकर मेड़ीलाल ने गांव के ही बिरजू और तेजू के अलावा एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि गत 28 सितंबर की शाम करीब चारबजे उनका बेटा सचिन उर्फ राजा उर्फ राम धीरज गांव के ही बिरजू के साथ अपनीमोटरसाइकिल से गया था। उस दौरान करीब पांचबजे बिरजू, तेजू और एक अन्य व्यक्ति भी साथ में मोटरसाइकिल से जाते दिखाई दिए थे। देर रात तक सचिन के घर न लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन सचिन के पास मोबाइल न होने के कारण उसका पता नहीं चल सका।
बाद में अगले दिन सुबह करीब पांचबजे घर से करीब 300 मीटर दूर सचिन का शव रमेश यादव के मकान की बाउंड्री वॉल के पास बैठी स्थिति में मिला था। उसके दोनों पैरों में एक ही स्थान पर जलने के निशान थे। पुलिस ने बताया कि मेड़ीलाल की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की तो पता चला कि सचिन ने अपनी मोटरसाइकिल भक्तिखेड़ा निवासी महेश के पास 10 हजार रुपए में गिरवी रख दी थी। वहीं इस घटना के खुलासे के लिए डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन में पुलिस की तीनटीमें गठित की गई।
इस दौरान टीमों ने करीब 170 से 190 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ अन्य साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से शुक्रवार को आरोपी बिरजू पुत्र बांकेलाल (26) को गिरफ्तार कर लिया। जहाँ पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और सचिन दोस्त थे। दोनों अक्सर बिरजू के कमरे पर शराब पीते थे। गत 28 सितंबर को सचिन ने रुपये की जरूरत बताकर भक्तिखेड़ा में महेश के पास 10 हजार रुपए में अपनी मोटरसाइकिल गिरवी रखी थी। बाद में दोनों ने मिले रुपयों से शराब खरीदकर पी और बिरजू के कमरे पर चले गए।
जहां कमरे में फिर दोनों ने मिलकर शराब पी। इसके बाद जब सचिन नशे में बेसुध हो गया तो बिरजू को उसके पास बचे रुपये हड़पने के लिए मन में लालच आया और उसने सचिन को जान से मारने का प्लान बना डाला। इसी प्लान के तहत सचिन को बेसुध देख बिरजू ने करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसके ऊपर कोई शक ना करें, इसलिए शव को दूसरे के घर के पास रखकर फरार हो गया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया बिजली का तार, लोहे का कूलर व स्टैंड और 2250 रुपए बरामद कर उसे जेल भेज दिया है। जबकि अन्य की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पहले भी बिजनौर थाने में मुकदमा दर्ज है।



