एसएसजे विश्वविद्यालय का खेल कैलेंडर शुरू, केआईटीएम कॉलेज खटीमा में अंतर महाविद्यालयीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ

- मुख्यमंत्री के नशा मुक्त अभियान से जुड़ी प्रतियोगिता
- चार जिलों की 8 टीमें ले रही हिस्सा, विजेता टीम जाएगी नॉर्थ जोन
पायनियर समाचार सेवा। खटीमा (उधम सिंह नगर)। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा का वार्षिक खेल कैलेंडर शुक्रवार से शुरू हो गया। सत्र 2026 की पहली प्रतियोगिता के रूप में अंतर महाविद्यालयीय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन खटीमा स्थित केआईटीएम कॉलेज में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर प्रवीण सिंह बिष्ट ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आयोजन समिति द्वारा बेहतरीन व्यवस्था की गई है और छात्राओं में खेल को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज से विश्वविद्यालय का खेल कैलेंडर विधिवत प्रारंभ हो गया है और खिलाड़ियों को पूरी लगन, मेहनत और पैशन के साथ खेलकर उच्च मुकाम हासिल करना चाहिए।

केआईटीएम कॉलेज के प्रबंध निदेशक कमल बिष्ट ने बताया कि यह प्रतियोगिता माननीय मुख्यमंत्री के नशा मुक्त अभियान से जोड़ी गई है। इसका उद्देश्य बेटियों को खेल के माध्यम से आगे बढ़ाना और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नशा मुक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। कमल बिष्ट ने बताया कि इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय परिक्षेत्र के चार जिलों अल्मोड़ा, बागेश्वर, चम्पावत और पिथौरागढ़ के महाविद्यालयों की कुल 8 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इसमें धारचूला, नारायण नगर जैसे दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों से भी छात्राएं पहुंची हैं, जो छात्राओं में खेल के प्रति बढ़ती जागरूकता को दशार्ता है। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता व उपविजेता टीमों को शील्ड, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन नॉर्थ जोन और अन्य जोन स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा।



