पायनियर समाचार सेवा।
लखनऊ। सरोजनीनगर इलाके में बीते दिनों अज्ञात बाइक की टक्कर से घायल हुए बुजुर्ग मजदूर की रविवार को इलाज के दौरान ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सरोजनीनगर के अवधविहार कॉलोनी निवासी मोहम्मद नफीस (60) अपनी पत्नी मेहताब बानो के अलावा दो बेटे रईस, सफीक और विवाहित बेटी शालू के साथ ही अविवाहित बेटी शीलू, नीलू व गुलनाल के साथ रहकर मजदूरी करता था। बीती 29 मई को दोपहर करीब 11 बजे मोहम्मद नफीस पैदल ही कुछ दूर स्थित चिल्लावां में अपने रिश्तेदार के घर बकरीद मिलने जा रहा था।
तभी कानपुर रोड पर बाग नंबर-तीन के पास अज्ञात बाइक सवार ने उसे जोरदार ठोकर मार दी। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। घायलावस्था में परिजनों ने उसे सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से इलाज के बाद उसे घर ले आए। लेकिन घर में तबीयत बिगड़ने पर बाद में उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई कर रही है।










