मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
गुरुग्राम

फरीदाबाद समेत तीन शहरों में ईडी की रेड

फर्जी इनवॉयस से 9.63 करोड़ की आईटीसी लेने का आरोप सेक्टर-15 और सेक्टर-8 में एक्सपोर्ट कारोबारियों के घरों पर पहुंची टीम, दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य खंगाले पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबाद फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में…

साझा करें WhatsAppFacebookX
फरीदाबाद समेत तीन शहरों में ईडी की रेड
  • फर्जी इनवॉयस से 9.63 करोड़ की आईटीसी लेने का आरोप
  • सेक्टर-15 और सेक्टर-8 में एक्सपोर्ट कारोबारियों के घरों पर पहुंची टीम, दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य खंगाले

पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबाद
फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को फरीदाबाद समेत तीन शहरों में नौ ठिकानों पर छापेमारी की। ईडी के लखनऊ जोनल कार्यालय की टीमों ने फरीदाबाद के अलावा उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद में यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम, 2002 (पीएमएलए) के तहत की।

फरीदाबाद में ईडी की टीमों ने सेक्टर-15 और सेक्टर-8 स्थित एक्सपोर्ट कारोबारियों के आवासों पर तलाशी ली। उपलब्ध जानकारी के अनुसार सेक्टर-15 के मकान नंबर 972 निवासी नमन अग्रवाल और सेक्टर-8 के मकान नंबर 389 निवासी विनोद अग्रवाल के घर पर भी कार्रवाई की गई। हालांकि, तलाशी से जुड़ी बरामदगी या अन्य कार्रवाई की विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

ईडी की जांच मेसर्स जंबूद्वीप एक्सपोर्ट्स एंड इम्पोर्ट्स लिमिटेड से जुड़े कथित फर्जी आईटीसी नेटवर्क को लेकर है। एजेंसी के अनुसार फर्जी इनवॉयस और ई-वे बिल तैयार कर वास्तविक माल की आवाजाही के बिना आईटीसी हासिल करने और उसे आगे दूसरी इकाइयों को पास करने का आरोप है। जांच में 9.63 करोड़ रुपये के आईटीसी का कथित गलत तरीके से लाभ लेने और करीब 10.28 करोड़ रुपये के आईटीसी को आगे पास किए जाने की बात सामने आई है। ईडी कथित फर्जी कंपनियों के जरिए हुए लेन-देन, रकम की लेयरिंग और नकद निकासी की कड़ियों को खंगाल रही है।

तलाशी के दौरान एजेंसी दस्तावेजी एवं डिजिटल साक्ष्य जुटाकर कथित मनी ट्रेल का पता लगाने में लगी है। फिलहाल किसी गिरफ्तारी या विशेष बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच आगे बढ़ने के साथ नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कंपनियों की भूमिका सामने आने की संभावना है।