लखनऊ,पायनियर खेल संवाददाता। अविरल आनंद पटेल की शानदार नाबाद 59 रनों की पारी की बदौलत सीएएल टील ने द्वितीय स्व नीरू कपूर मेमोरियल अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में सीएएल व्हाइट को 8 विकेट से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। ब्लेज़ विलो ग्राउंड, गोमतीनगर में खेले गए इस मैच में टील ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएएल व्हाइट ने 25 ओवर में 131 रन पर 5 विकेट खोए। टीम की ओर से संभव कन्नौजिया ने 59 रन की शानदार पारी खेली, जबकि वेद कौशल ने नाबाद 25 रन जोड़े। टील की ओर से धैर्य बाजपेयी और मो. हसन ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए एक-एक विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएएल टील की टीम ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी। अविरल आनंद पटेल ने 59 गेंद पर नाबाद 59 रन बनाते हुए टीम को मजबूती दी, जबकि आद्यया शुक्ला ने 32 रनों का योगदान दिया। अंत में कप्तान रक्षित सिन्हा के साथ मिलकर अविरल ने टीम को 22.2 ओवर में 132/2 तक पहुंचाकर जीत दिला दी। अविरल आनंद पटेल को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।










