कांवड़ कंट्रोल रूम और मार्गों का निरीक्षण कर 28 जुलाई से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
पायनियर समाचार सेवा। गाजियाबाद
कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कांवड़ कंट्रोल रूम एवं कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रा से जुड़े सभी कार्य 28 जुलाई से पहले हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा की तैयारियों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। यात्रा से संबंधित किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा और यातायात समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही, यात्रा मार्गों और कंट्रोल रूम से व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।










