मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
चम्पावत

जनता मिलन में डीएम के सामने पहुंचीं 65 फरियादें

पेयजल, सड़क, सोलर लाइट और बाढ़ सुरक्षा के मुद्दे छाए डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश पायनियर समाचार सेवा। चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निदेर्शों के तहत सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार…

साझा करें WhatsAppFacebookX
जनता मिलन में डीएम के सामने पहुंचीं 65 फरियादें
  • पेयजल, सड़क, सोलर लाइट और बाढ़ सुरक्षा के मुद्दे छाए

  • डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

पायनियर समाचार सेवा। चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निदेर्शों के तहत सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों और फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता मिलन में कुल 65 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सोलर स्ट्रीट लाइट, सड़क, विद्युत, पेयजल, आर्थिक सहायता, सुरक्षा दीवार, चेनलिंक फेंसिंग और पूर्ति विभाग से जुड़े मामले प्रमुख रहे। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता मिलन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान तत्काल संभव है, उनमें अनावश्यक देरी न की जाए और विभागीय प्रक्रिया वाले मामलों में भी निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो।
ढकना पैदल मार्ग के निकट निमार्णाधीन वृद्धाश्रम को आपदा से सुरक्षा देने के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग प्रकाश चंद्र ने रखी। डीएम ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता मंडी को स्थल की स्थिति का परीक्षण कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम गोली, पोस्ट बिरगुल निवासी नवीन सिंह ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ कराने की मांग रखी। डीएम ने मुख्य कृषि अधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं भुमलाई की सुनीता पुनेठा, तल्ली चानमारी की भावना जोशी और बाजरीकोट के खीमानंद जोशी ने अपने-अपने क्षेत्रों में सोलर लाइट लगाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने उरेडा विभाग को प्राप्त मांगों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। खरही क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा ने टपोला गधेरे के दाएं पार्श्व में बाढ़ सुरक्षा कार्य कराने की मांग रखी। इस पर डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनता मिलन में आपदा से क्षतिग्रस्त निजी परिसंपत्तियों, सड़क निर्माण, सीमांत एवं वन क्षेत्रों में सोलर लाइट, हाल की बारिश से क्षतिग्रस्त पेयजल संरचनाओं की मरम्मत और निजी भूमि विवाद से जुड़े मामले भी सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन, ई-आॅफिस, ई-डीपीआर और माई भारत वॉलंटियर्स से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक अजय सिंह, उप जिलाधिकारी बीसी पंत, एपीडी विमी जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि हितेश कांडपाल, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, सहायक जिला समाज कल्याण अधिकारी किशन चौहान, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।