पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बंथरा इलाके में बीतीरात एक निजी डिफेंस कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र संदिग्ध हालत में छात्रावास की पांचवी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन उसे एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से हाथरस के मुल्तान गेट के रहने वाले हरीश शर्मा का बेटा रोहित शर्मा (16) बंथरा के सुल्तान फाउंडेशन परिसर स्थित छात्रावास के फर्स्ट फ्लोर में रहकर यहीं के टारगेट डिफेंस एकेडमी में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
शुक्रवार रात करीब 10 बजे रोहित संदिग्ध हालत में हॉस्टल की पांचवी मंजिल से नीचे गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे आनन-फानन अपोलो अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बाद में जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई कर रही है। मृतक रोहित के पिता हरीश शर्मा कासगंज स्थित विकास भवन में सहायक लेखाधिकारी के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि रात करीब 10:15 बजे रोहित के साथी छात्रों ने सूचना दी कि रोहित छत से गिर गया है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है।
लेकिन कुछ देर बाद फोन आया कि अस्पताल में उसकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि कल शाम को बेटे से बात हुई थी और उसका आगामी 1 जुलाई को जन्मदिन भी था। जिसको लेकर वह अपने दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी मनाने का प्लान बताते हुए कुछ पैसों की मांग की थी। तब उन्होंने उसे 500 रुपए ऑनलाइन भेज दिए थे और उसके बर्थडे से पहले कुछ और रुपए भेजने को कहा था। उनका कहना है कि पांचवी मंजिल से रोहित गिरा है और उस छत पर निर्माण कार्य चल रहा है। चारों तरफ बाउंड्री वॉल या रेलिंग नहीं लगी हुई है।
परिजनों का कहना है कि वह फर्स्ट फ्लोर पर रहता था, लेकिन पांचवी मंजिल पर क्या करने गया। परिजनों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में नीचे गिरने का दृश्य तो कैमरे में कैद हुआ है। लेकिन वह पांचवीं मंजिल पर कैसे गया, इसका कोई फुटेज उपलब्ध नहीं है। उसके चप्पल वहां से गायब मिले और उसका मोबाइल उसके कमरे में ही मिला है। उनका कहना है कि गिरने के बाद बेटा काफी देर तक नीचे जमीन पर पड़ा रहा और हॉस्टल प्रबंधन स्टाफ का कोई भी कर्मचारी वहाँ नहीं पहुंचा। उसके गिरने की आवाज सुनकर उसके साथ रहने वाले छात्रों ने बाहर जाकर देखा, तब इसकी जानकारी प्रबंधन को दी। उसके बाद उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है।
उन्होंने सीसीटीवी फुटेज से मामले की जांच करने के साथ मोबाइल की कॉल डिटेल जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने देश की सेवा करने के लिए एनडीए अकैडमी ज्वाइन की थी। बेटे ने सुसाइड नहीं किया है, बल्कि यह घटना संदिग्ध है। इसकी जांच होनी चाहिए। वहीं मृतक के परिवार में पिता हरीश शर्मा के अलावा माँ लीना, भाई हर्ष और बहन हर्षिता है। बंथरा प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह ने बताया कि रोहित तीसरी मंजिल से नीचे गिरा है। इस मामले में मृतक के पिता ने भी छत से गिरकर मौत होने की तहरीर देते हुए मामले की जांच की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है जांच के बाद ही घटना का सही कारण पता चल सकेगा।










