नाले में मिला युवक का शव जांच में जुटी पुलिस

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह निर्माणाधीन नाले में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रंजीत विश्वकर्मा पुत्र राम किशन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उन्नाव जनपद के औरास थाना क्षेत्र के सरायबद्री गांव का निवासी था और वर्तमान में पारा क्षेत्र के हंसखेड़ा चौकी के पास सदरौना में किराए के मकान में पत्नी और दो बच्चों के साथ रह रहा था। वह वेल्डिंग का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करता था प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब पांच बजे दौड़ लगाने निकले कुछ युवकों ने परशादी खेड़ा के पास, पारा स्थित देशी शराब ठेके के आगे निर्माणाधीन नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा।

युवकों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस ने मृतक के वाहन नंबर के आधार पर उसकी पहचान की। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक के भाई संजीवन लाल विश्वकर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे तक उनकी रंजीत से बातचीत हुई थी। लेकिन इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। शनिवार सुबह पुलिस से नाले में शव मिलने की सूचना मिली।

वहीं मृतक के चचेरे भाई आशीष विश्वकर्मा ने भी शव की पहचान रंजीत के रूप में की। रंजीत अपने पीछे पत्नी प्रीति और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *