चाफी-पदमपुरी-धारी मोटर मार्ग पर डामरीकरण कार्य का मंत्री कैड़ा ने किया निरीक्षण

- गुणवत्ता से समझौता न करने और जल्द कार्य पूरा करने के अधिकारियों को दिए निर्देश
पायनियर समाचार सेवा। भीमताल। चाफी से पदमपुरी-धारी तक लंबे समय से खराब पड़े मोटर मार्ग पर डामरीकरण का कार्य शुरू होने के बाद कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को डामरीकरण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। मोटर मार्ग खराब होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने मंत्री कैड़ा से मार्ग पर डामरीकरण कराने की मांग की थी। इस पर मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मार्ग के डामरीकरण के लिए 9.37 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली।

निरीक्षण के दौरान मंत्री कैड़ा ने कहा कि डामरीकरण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराने को कहा, ताकि लंबे समय से चली आ रही ग्रामीणों की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। मंत्री ने कहा कि भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक समेत प्रदेश के क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर लगातार डामरीकरण कराया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक क्षेत्र में सड़क संबंधी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।



