पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बीते चार दिन पहले लापता हुई एक महिला का शव शुक्रवार को रहीमाबाद थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव के पीछे बेहता नाले में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव नाले में एक गूलर के पेड़ में फंसा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, उन्नाव जनपद के औरास थाना क्षेत्र के अहमदपुर कासिमपुर निवासी केदारनाथ की पत्नी कमला देवी (55) गत 13 जुलाई की सुबह अचानक घर से लापता हो गई थीं।

परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद गत 14 जुलाई को उनके बेटे आदित्य ने औरास थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजनों ने पुलिस को बताया था कि कमला देवी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उनका इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार को रहीमाबाद क्षेत्र के भटपुरवा गांव के पीछे बेहता नाले में एक बुजुर्ग महिला का शव दिखाई दिया। मृतका के बेटे सुधीर ने बताया कि वह मां की तलाश में क्षेत्र में पहुंचा था, तभी उसने देखा कि मां का शव नाले में उताराकर एक गूलर के पेड़ से फंसा हुआ है। इसके बाद उसने परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची रहीमाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमला देवी के मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतका अपने पीछे तीन बेटे मनोज, सुधीर और आदित्य एक अविवाहित बेटी रूबी तथा विवाहित बेटी सुनैना को छोड़ गई हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।










