बाइक पर बोरी, उसमें शराब के पाउच और सामने ग्राहक....अटरिया में सरेआम बिक्री का फोटो वायरल

वायरल तस्वीर ने आबकारी विभाग की निगरानी पर उठाए सवाल, जांच के बाद कार्रवाई का दावा
पायनियर संवाददाता।सीतापुर
एक तरफ सरकार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है, वहीं अटरिया क्षेत्र में बाइक पर बोरी लादकर खुलेआम शराब बेचने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। तस्वीर सामने आने के बाद आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल फोटो में एक युवक बाइक पर रखी बोरी से शराब के पाउच निकालता दिखाई दे रहा है, जबकि दो लोग उससे शराब लेते नजर आ रहे हैं। हालांकि वायरल तस्वीर की पुष्टि पायनियर समाचार नहीं करता है। तस्वीर की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। तस्वीर वायरल होने के बाद सवाल यह है कि यदि क्षेत्र में इस तरह खुलेआम शराब की बिक्री हो रही है तो निगरानी तंत्र को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब बिक्री पर समय रहते अंकुश नहीं लगाया गया तो इसका असर युवाओं पर पड़ सकता है। वहीं मामले को लेकर आबकारी निरीक्षक सिधौली प्रदीप भारती ने कहा कि वायरल पोस्ट की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वायरल तस्वीर कब और कहां की है तथा उसमें दिखाई दे रही शराब बिक्री का मामला वास्तविक है या नहीं।



