बड़े वीकेंड पर नैनीताल में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, सड़कों पर उतरी पुलिस

- कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, 4 अक्टूबर को शाम चार से रात 10 बजे तक काठगोदाम से नैनीताल-भीमताल जाने वाला मार्ग बंद रहेगा
पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी/नैनीताल। बड़े वीकेंड और श्री कैंची धाम के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था के चलते नैनीताल जिले में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी आमद से प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों, चौराहों और डायवर्जन प्वाइंटों पर पुलिस बल तैनात किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शनिवार को स्वयं सड़कों पर उतरकर यातायात और रूट व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार शनिवार शाम पांच बजे के बाद वन-वे व्यवस्था लागू कर भीमताल तिराहे की ओर से वाहनों को हल्द्वानी की ओर निकाला जाएगा। शाम 5:30 बजे के बाद नैनीताल की ओर जाने वाले यातायात को करीब तीन घंटे नियंत्रित कर एग्जिट ट्रैफिक को प्राथमिकता दी जाएगी।
रविवार को छह घंटे बंद रहेगा मार्ग

4 अक्टूबर को शाम चार बजे से रात 10 बजे तक काठगोदाम, नारीमन प्वाइंट होते हुए नैनीताल और भीमताल की ओर जाने वाला एनएच मार्ग बंद रहेगा। इस दौरान केवल नैनीताल और भीमताल से हल्द्वानी की ओर आने वाले वाहनों को निकाला जाएगा। दिल्ली और देहरादून से नैनीताल जाने वाले वाहन कालाढूंगी रोड-नैनीताल तिराहा मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। हल्द्वानी से नैनीताल, भीमताल और भवाली जाने वाले वाहन कालटैक्स-मुखानी-फतेहपुर तिराहा-पटुवाडांगर-बेलुआखान होकर वैकल्पिक मार्ग से जा सकेंगे। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करने, गलत लेन और अनावश्यक ओवरटेक से बचने तथा वन-वे व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं से शटल सेवा और कार-पूलिंग का अधिक से अधिक उपयोग करने को कहा गया है।



