पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र के चिलौली अंडरपास के ऊपर रिंग रोड पर शुक्रवार शाम करीब 4:15 बजे दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक केबिन में फंस गया। सूचना पर पहुंची फायर सर्विस, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम ने हाइड्रा व अन्य मशीनों की मदद से करीब काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिंग रोड पर (यूपी 34 टी 8904) नंबर का ट्रक पहले से खड़ा था।
इसी दौरान पीछे से आ रहे (यूपी 32 क्यूटी 6654) नंबर के ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रक का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गणेश पुत्र प्यारेलाल निवासी भरावन कला, थाना दुबग्गा उसमें फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही फायर सर्विस, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने हाइड्रा और अन्य उपकरणों की सहायता से चालक गणेश को केबिन से बाहर निकाला। इसके बाद उसे एंबुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद रिंग रोड पर यातायात को सुचारु कराया गया।