देहरादून में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या,आक्रोशित लोगों ने शव रखकर लगाया जाम

देहरादून। पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शिमला रोड स्थित बुड्ढी गांव में देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार अधिवक्ता सोहेल देर रात अपने घर में मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। दूसरे कमरे में मौजूद उनके भाई ने गोली चलने की आवाज सुनकर बाहर आकर देखा तो सोहेल खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

घटना से नाराज क्षेत्रवासियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को शिमला बाईपास रोड पर रखकर जाम लगा दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों के समझाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, प्रमेंद्र डोभाल भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अधिवक्ता सोहेल की हत्या अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है तथा आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आएगी। वहीं सड़क जाम करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी नामजद मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

रश्मि सिंह मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर हैं और मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ग्राउंड रिपोर्टिंग और कंटेंट लेखन से की तथा समय के साथ देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार चैनलों में कार्य किया। राजनीति, समसामयिक घटनाक्रम, उत्तर प्रदेश की खबरों, सामाजिक मुद्दों और मनोरंजन जगत की रिपोर्टिंग एवं विश्लेषण में उन्हें विशेष अनुभव प्राप्त है। डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों क्षेत्रों में काम करते हुए उन्होंने तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता को अपनी पहचान बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *