मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
अपराध

बंदरों के आतंक से दहशत में ग्रामीण, छत टूटने से छात्रा घायल

पायनियर समाचार सेवा लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र के तरौना गांव में बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन बंदरों के झुंड घरों में घुसकर लोगों पर हमला कर रहे हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।…

साझा करें WhatsAppFacebookX
बंदरों के आतंक से दहशत में ग्रामीण, छत टूटने से छात्रा घायल

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र के तरौना गांव में बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन बंदरों के झुंड घरों में घुसकर लोगों पर हमला कर रहे हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार सुबह बंदरों के झुंड के हमले से बचने के लिए बाथरूम में छिपी कक्षा नौ की छात्रा के ऊपर छत का मलबा गिर गया। हादसे में छात्रा के सिर में गंभीर चोट आई है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। तरौना निवासी हरिनाम यादव के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे बंदरों का झुंड अचानक उनके घर में कूद आया।

उस समय परिवार के लोग आंगन में बैठे थे। बंदरों को देखकर सभी लोग इधर-उधर भागने लगे। डर के कारण हरिनाम की 14 वर्षीय बेटी छवि यादव पास में बने बाथरूम में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर छिप गई। इसी दौरान बंदरों का झुंड बाथरूम की छत पर कूदने लगा। बंदरों के लगातार कूदने से छत टूट गई और पत्थर व मलबा बाथरूम के अंदर छिपी छवि के सिर पर जा गिरा। छात्रा के चीखने की आवाज सुनकर पिता हरिनाम यादव डंडा लेकर दौड़े और बंदरों को वहां से भगाया। इसके बाद बाथरूम का दरवाजा खोलने पर छवि के सिर से खून बहता मिला। परिजन आनन-फानन उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।

परिजनों के मुताबिक, छवि गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर मुंशीगंज स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा है। इसके अलावा ग्रामीणों ने बताया कि बंदरों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। बीते 16 सितंबर को भी एक बंदर ने घर की दो मंजिल ऊंची छत पर कपड़े सुखाने गई बबलू चौरसिया की 12 वर्षीय बेटी नैना को धक्का दे दिया था। छात्रा छत से नीचे फर्श पर जा गिरी थी। हादसे में उसके हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया था, जबकि सिर में भी गंभीर चोट आई थी।

उसका भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बंदर आए दिन किसी न किसी पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से गांव के लोगों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए संबंधित विभाग से कार्रवाई की मांग की है।