-गेट और बरामदे की दीवारों पर मिली आपत्तिजनक सामग्री, अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
शामली। चौसाना क्षेत्र के गांव टपराना स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में दीवारों और गेट पर अश्लील चित्र व आपत्तिजनक बातें लिखे मिलने से हड़कंप मच गया। स्कूल परिसर में इस तरह की सामग्री देखकर विद्यालय प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर झिंझाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 16 सितंबर की सुबह शिकायतकर्ता किसी काम से उच्च प्राथमिक विद्यालय टपराना पहुंचा था। इसी दौरान स्कूल परिसर, बरामदे की दीवारों और मुख्य गेट पर आपत्तिजनक चित्र और बातें लिखी हुई दिखाई दीं। मामले की जानकारी विद्यालय प्रशासन को दी गई, जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि विद्यालय में बच्चे पढ़ने आते हैं और स्कूल की दीवारों पर इस तरह की अश्लील सामग्री लिखे जाने से बच्चों पर गलत मानसिक प्रभाव पड़ सकता है। इसे असामाजिक तत्वों की हरकत बताते हुए आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए झिंझाना थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना के निर्देशन में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस घटना के संबंध में आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।