-
जवाहर नगर हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा, गौला किनारे छिपा मिला आरोपी
-
सीसीटीवी और सुरागरसी से खुला हत्याकांड, आरोपी की निशानदेही पर दुपट्टा बरामद
पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। बनभूलपुरा के जवाहर नगर क्षेत्र में हुई अमन ठाकुर (29) की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा किया है। पुलिस ने नामजद आरोपी निक्की उर्फ नाटी (32) को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के नीचे गौला नदी किनारे हजारा की खाली झोपड़ी से गिरफ्तार किया। वहीं उसकी निशानदेही पर मस्ता टेंट हाउस, जवाहर नगर से घटना में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को स्थानीय पार्षद ने जवाहर नगर में एक व्यक्ति के अचेत पड़े होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस को बरामदे में अमन ठाकुर मृत मिला। फॉरेंसिक जांच में उसके गले पर यू-आकार का निशान मिला, जिसके बाद मौत संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर बनभूलपुरा कोतवाली में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी को मृतक पर अपनी पत्नी से संबंध होने का शक था। इसी को लेकर विवाद रहता था। 15 सितंबर को आरोपी द्वारा अमन अथवा पत्नी को जान से मारने की धमकी देने की बात भी सामने आई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य तथ्य खंगाल रही है।