मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
अपराध

संदिग्ध हालात में युवक कमरे के अंदर मृत पड़ा मिला 

पायनियर समाचार सेवा लखनऊ। बिजनौर इलाके में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में कमरे के अंदर तख्त पर मृत पड़ा मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप…

साझा करें WhatsAppFacebookX
संदिग्ध हालात में युवक कमरे के अंदर मृत पड़ा मिला 

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। बिजनौर इलाके में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में कमरे के अंदर तख्त पर मृत पड़ा मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से बाराबंकी जिले के देवा थाना अंतर्गत सिपहिया गांव निवासी अवधेश कुमार यादव (40) पिछले काफी दिनों से बिजनौर कस्बे में चंद्रभान के मकान में किराए पर रहकर निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था। उसके बगल में ही कई अन्य लोग भी किराए पर रहते हैं।

मंगलवार सुबह काफी देर तक जब अवधेश बाहर नहीं निकला, तो बगल में रहने वाले लोग उसे जगाने पहुंचे। लेकिन अवधेश अपने कमरे के अंदर मृत अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना मकान मालिक चंद्रभान को दी। बाद में सुबह करीब 9 बजे घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक के कुछ दिनों पहले एक्सीडेंट से पैर में चोट लगी थी।

जिसका इलाज चल रहा था। लेकिन चोट लगने से उसके पैर में इंफेक्शन हो गया था और उसी से उसकी मौत हुई है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसकी मौत का सही कारण पता चल सकेगा। वहीं मृतक के बड़े भाई रघुराज का कहना है कि अवधेश अविवाहित था और वह वर्ष 2012 में घर से चला आया था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस से उसकी मौत की सूचना मिली। फिलहाल परिजनों ने इस मामले में अभी तक किसी के ऊपर कोई आरोप नहीं लगाया है ना ही कोई तहरीर दी है।