मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
देहरादून

मसूरी में व्यापारी का शव 200 मीटर गहरी खाई में मिला

सड़क किनारे खड़ी मिली कार। पायनियर समाचार सेवा। मसूरी। देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास मंगलवार सुबह एक व्यापारी का शव करीब 200 मीटर गहरी खाई में नदी के समीप चट्टानों के बीच मिलने से सनसनी फैल गई। सड़क किनारे…

साझा करें WhatsAppFacebookX
मसूरी में व्यापारी का शव 200 मीटर गहरी खाई में मिला
  • सड़क किनारे खड़ी मिली कार।

पायनियर समाचार सेवा। मसूरी। देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास मंगलवार सुबह एक व्यापारी का शव करीब 200 मीटर गहरी खाई में नदी के समीप चट्टानों के बीच मिलने से सनसनी फैल गई। सड़क किनारे मृतक की एमजी विंडसर कार खड़ी मिली। कार के अंदर शराब की आधी बोतल, मोबाइल फोन और पर्स बरामद होने के बाद पुलिस ने मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान देहरादून के क्रॉस रोड निवासी करीब 60 वर्षीय अजय कुमार कोहली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अजय कुमार कोहली देहरादून में व्यापारी थे और मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। करीब डेढ़ घंटे बाद उनके खाई में गिरने की सूचना मिलने से परिवार में मातम छा गया।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 8:30 बजे मैगी प्वाइंट निवासी प्रवीण ने पंचायती कैफे के पास सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने और वहां कार खड़ी होने की सूचना दी। मौके से नीचे देखने पर करीब 200 मीटर गहरी खाई में नदी के पास एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। सूचना पर कोलूखेत चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।कार संख्या UK 07 HL 0343 की जांच करने पर उसके मृतक के वाहन होने की पुष्टि हुई। खाई में शव तक पहुंचने के लिए एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को बुलाया गया। टीम ने शव को खाई से बाहर निकाला।

शराब की बोतल मिलने से बढ़ा रहस्य

पुलिस को कार के अंदर मृतक का मोबाइल फोन और पर्स भी मिला। इसके अलावा शराब की आधी बोतल बरामद हुई है। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अजय कुमार कोहली कार से उतरकर किन परिस्थितियों में सड़क से नीचे पहुंचे और उनकी मौत कैसे हुई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है।
“शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।”
— देवेंद्र चौहान, मसूरी कोतवाल