सातवीं की छात्रा की मौत
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र के सुरगौला गांव में शुक्रवार सुबह सात बजे दर्द की दवा समझकर चूहे मारने की दवा खाने से 15 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रहीमाबाद के सुरगौला निवासी किसान रामपाल की 15 वर्षीय बेटी शेजल शुक्रवार सुबह करीब सात बजे सिर दर्द से परेशान थी। उसने अपनी मां जानकी से सिर दर्द की दवा मांगी। मां ने उसे किचन के ऊपर रखे डिब्बे में दवा होने की बात कहते हुए वहां से निकालकर खाने को कहा।

शेजल ने डिब्बे से एक पुड़िया निकाली और उसमें रखी दवा खा ली। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे आनन-फानन में नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने परिजनों से पूछा कि छात्रा ने कौन सी दवा खाई है। इस पर पिता रामपाल घर पहुंचे और डिब्बे की जांच की तो पता चला कि शेजल ने गलती से दर्द की गोली की जगह चूहे मारने वाली दवा खा ली थी। परिजनों ने इसकी जानकारी चिकित्सकों को दी। इसके बाद छात्रा को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलिहाबाद रेफर किया गया।
परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शेजल को मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शेजल मनकौटी गांव स्थित जावेद अली पब्लिक इंटर कॉलेज में कक्षा सात की छात्रा थी। उसके पिता रामपाल खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में मां जानकी के तीन बहनें देवकी, विवाहिता सुरीला और सुशीला तथा बड़ा भाई आशीष है। आशीष सूरत में मजदूरी करता है। पुलिस ने मामले में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।