- जोशीमठ के भलागांव प्राथमिक विद्यालय का मामला
- सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट
पायनियर समाचार सेवा। जोशीमठ। शिक्षक दिवस के अवसर पर जहां विद्यालयों में गुरुजनों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं जोशीमठ विकासखंड के भलागांव प्राथमिक विद्यालय में छोटे-छोटे बच्चे और उनके अभिभावक शिक्षक के आने का इंतजार करते रह गए। निर्धारित समय तक शिक्षक के विद्यालय नहीं पहुंचने से बच्चों और अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिली।
बताया जा रहा है कि शिक्षक दिवस के मौके पर बच्चे और अभिभावक विद्यालय पहुंचे थे, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी शिक्षक के नहीं पहुंचने पर उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। इस पूरे मामले से जुड़ी एक पोस्ट इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वायरल पोस्ट में बच्चों और अभिभावकों की ओर से शिक्षक के विद्यालय नहीं पहुंचने को लेकर नाराजगी जाहिर की गई है। अभिभावकों का कहना है कि शिक्षक दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर भी यदि शिक्षक विद्यालय नहीं पहुंचते हैं तो इसका सीधा असर बच्चों पर पड़ता है। वहीं, बच्चों ने भी शिक्षक के इंतजार और उनके विद्यालय नहीं पहुंचने को लेकर अपनी बात रखी। बच्चों और अभिभावकों के बयानों के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस सम्बन्ध मे अभी जानकारी प्राप्त हुई है इस सम्बन्ध मे रिपोर्ट मांगी जाएगी अगर शिक्षक बिना सूचित लिए अनुपस्थित पाए गए तों उचित कार्यवाही की जाएगी.
पंकज उप्रेती, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक, गोपेश्वर