पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। राजधानी में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त है। लगातार बारिश के कारण शहर की कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को आईटी चौराहे के पास लखनऊ विश्वविद्यालय क्षेत्र में अचानक एक पुराना पेड़ बीच सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह बाधित हो गया और मौके पर कुछ देर के लिए यातायात रुक गया।
राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर हसनगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने यातायात को सामान्य कराने के लिए तत्काल मोर्चा संभाला। खास बात यह रही कि पुलिसकर्मी केवल यातायात व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि कई दरोगा और सिपाही खुद सड़क पर उतरकर पेड़ हटाने में जुट गए। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को सड़क से हटाकर किनारे किया और मार्ग का एक हिस्सा आवागमन के लिए खोल दिया।
इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हुई और कुछ ही देर में यातायात सुचारु हो गया। बारिश के बीच पुलिसकर्मियों के इस मानवीय प्रयास की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि पुलिसकर्मियों ने समय रहते खुद मोर्चा संभालकर न सिर्फ यातायात व्यवस्था को संभाला, बल्कि सड़क से पेड़ हटाकर राहगीरों की परेशानी भी दूर की।