पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। आगामी बारावफात, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए दक्षिणी जोन पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक ने गूगल मीट के जरिए पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग और आयोजकों व दोनों समुदायों के संभ्रांत लोगों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। किसी भी विवाद की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
डीसीपी ने महिला सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय रखने, मिशन शक्ति व साइबर हेल्प डेस्क की निगरानी बढ़ाने तथा आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही जाम व दुर्घटना की सूचना पर सीसी टीम को तत्काल मौके पर पहुंचने और अपराधियों पर पैनी नजर रखने को कहा।