पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बंथरा इलाके में सोमवार देर शाम मामूली विवाद में एक युवक ने तमंचा निकाल लिया। इस पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तमंचा जप्त कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक सोमवार देर शाम बंथरा के मैमोरा गांव में महेश गौतम के दरवाजे से गांव का ही विमल यादव काफी स्पीड में थार लेकर निकला। कुछ देर बाद फिर स्पीड में वापस लौटा तो महेश व आसपास के लोगों ने उसे रोक लिया और इसकी शिकायत विमल की मां से की।
इस पर विमल भड़क गया और उसने अपने कई साथियों को बुला लिया। बाद में सभी महेश के दरवाजे पर पहुंच गये और गाली गलौज करने लगे। इस दौरान विमल के साथ पहुंचा एक युवक अपने पास से तमंचा निकाल कर दूसरे पक्ष के लोगों को धमकाने लगा। इससे गुस्साए आसपास के लोगों ने उसे तमंचा सहित धर दबोचा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने युवक को तमंचा सहित हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम बंथरा थाना क्षेत्र के नीवां गांव निवासी अभिषेक रावत उर्फ विकास पुत्र सुरेश कुमार रावत बताया है। फिलहाल पुलिस ने उसके पास से बरामद 315 बोर का तमंचा जप्त करने के साथ आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।