मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
अपराध

राजगीर मिस्त्री को साथियों ने पीट पीट कर मार डाला

पायनियर समाचार सेवा लखनऊ। सरोजनीनगर इलाके में साथ में काम करने वाले दो लोगों ने चोरी का आरोप लगा एक राजगीर मिस्त्री की पीट पीट कर हत्या कर दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए…

साझा करें WhatsAppFacebookX
राजगीर मिस्त्री को साथियों ने पीट पीट कर मार डाला

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। सरोजनीनगर इलाके में साथ में काम करने वाले दो लोगों ने चोरी का आरोप लगा एक राजगीर मिस्त्री की पीट पीट कर हत्या कर दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल परिजनों की तहरीर पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर दी है। मूलरूप से बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट थाना के टेमा गांव निवासी आशीष द्विवेदी (34) अपने छोटे भाई मनीष और चाचा प्रमोद व विनोद के साथ अमौसी गांव में मनोज सिंह के मकान में करीब तीन वर्षों से किराये पर रह रहा था।

आशीष राजगीर मिस्त्री का काम करता था। बुधवार को वह काम पर गया था, जबकि उसके चाचा भी अपने-अपने काम पर चले गए थे। छोटा भाई मनीष कुछ दिन पहले अपने गांव गया था। बीती रात घटना की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार सुबह वह अपने भाई के पास अमौसी पहुंचा। आशीष के भाई मनीष के मुताबिक बुधवार शाम करीब 4:30 बजे घर से करीब चार मीटर दूर साई सुरक्षानगर स्थित मंदिर के पास आशीष का साथी राजगीर मिस्त्री अमौसी निवासी फूलचंद श्रीवास्तव और प्लंबर कल्लू उर्फ श्यामलाल रावत से विवाद हो गया। दोनों ने छेनी-हथौड़ी बेचने का आरोप लगाते हुए आशीष की लात-घूसों और लकड़ी के फंटे से पिटाई कर दी। इस मारपीट में आशीष गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया और वही पड़ा रहा।

वहीं घटना के बाद कल्लू, आशीष के घर पहुंचा और उसके चाचा से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि आशीष ने उसका सामान बेच दिया है, इसलिए वह उसके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहा है। इसी बीच किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। तब मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल आशीष को सरोजनीनगर सीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रात में छुट्टी दे दी गई। तब उसके चाचा उसे घर ले आए। गुरुवार सुबह आशीष की हालत बिगड़ गई और करीब नौ बजे उसने घर में ही दम तोड़ दिया।

इसके बाद भाई मनीष ने डायल 112 पर सूचना दी। तब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आशीष को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मनीष की तहरीर पर मारपीट व गैर इरादतन हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच पड़ताल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।