मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
खेल

28वीं अंतर वाहिनी पीएसी एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग प्रतियोगिता के पहले दिन 35वीं वाहिनी लखनऊ का दबदबा 

लखनऊ। शहीद भगत सिंह क्रीड़ा संकुल, सिंथेटिक स्टेडियम 35वीं वाहिनी पीएसी महानगर में बुधवार को 28वीं अंतर वाहिनी पीएसी मध्य जोन एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग प्रतियोगिता-2026 का रंगारंग शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी लखनऊ अनुभाग किरीट राठौड़ (आईपीएस)…

साझा करें WhatsAppFacebookX
28वीं अंतर वाहिनी पीएसी एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग प्रतियोगिता के पहले दिन 35वीं वाहिनी लखनऊ का दबदबा 
35वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक अमित कुमार (आईपीएस) ने मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक, पीएसी लखनऊ अनुभाग किरीट राठौड़ (आईपीएस) को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

लखनऊ। शहीद भगत सिंह क्रीड़ा संकुल, सिंथेटिक स्टेडियम 35वीं वाहिनी पीएसी महानगर में बुधवार को 28वीं अंतर वाहिनी पीएसी मध्य जोन एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग प्रतियोगिता-2026 का रंगारंग शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी लखनऊ अनुभाग किरीट राठौड़ (आईपीएस) ने किया। पहले दिन 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर के खिलाड़ियों ने भी साइकिलिंग समेत कई स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी छाप छोड़ी। प्रतियोगिता में मध्य जोन की आठ टीमों के कुल 137 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने आकर्षक परिधानों में बैंड की धुन पर मार्च-पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। इस मौके पर आयोजन सचिव एवं 35वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक अमित कुमार (आईपीएस) ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में सहायक सेनानायक अजय कुमार त्रिपाठी, सैन्य सहायक उदयवीर सिंह, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक रणजीत यादव व वीके जोशी सहित पीएसी के कई अधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

प्रतियोगिता के पहले दिन 20 किमी साइकिलिंग में 11वीं वाहिनी सीतापुर के सुनील कुमार साहनी ने 36:40.00 मिनट के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि इसी वाहिनी के राहुल मौर्य दूसरे और 30वीं वाहिनी गोंडा के इजहार कादरी तीसरे स्थान पर रहे। 10,000 मीटर दौड़ में 32वीं वाहिनी लखनऊ के विजय प्रताप (52:12.51 मिनट) ने पहला, 11वीं वाहिनी के अंशुल ने दूसरा व 10वीं वाहिनी बाराबंकी के भगवती प्रसाद ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

110 मीटर बाधा दौड़ में 35वीं वाहिनी लखनऊ के शीलू राजपूत ने 24.26 सेकेंड में स्वर्ण जीता। रायबरेली के विकास प्रताप सिंह दूसरे व लखनऊ के गौरव चौधरी तीसरे स्थान पर रहे। 800 मीटर दौड़ में 10वीं वाहिनी बाराबंकी के संजय कुमार विंद (2:30.41 मिनट) विजेता बने, जबकि 32वीं वाहिनी के आशुतोष यादव दूसरे व 11वीं वाहिनी के कपिल बाबू तीसरे स्थान पर रहे। 400 मीटर दौड़ में 27वीं वाहिनी सीतापुर के शिवा सिंह (1:04.65 मिनट) ने बाजी मारी, वहीं 11वीं वाहिनी के कपिल बाबू दूसरे व 25वीं वाहिनी रायबरेली के सुनील दत्त तीसरे स्थान पर रहे। 4×100 मीटर रिले में 35वीं वाहिनी लखनऊ की टीम ने 51.32 सेकेंड के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि 32वीं वाहिनी दूसरे और 25वीं वाहिनी रायबरेली तीसरे स्थान पर रही।