शंकर महादेवन और जैस्मिन सैंडलास की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, ड्रोन शो में दिखी UP T20 की ट्रॉफी और तिरंगा
लखनऊ, पायनियर खेल संवाददाता। उत्तर प्रदेश टी20 लीग (यूपी T20) के चौथे सीजन का शुक्रवार को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में भव्य और रंगारंग आगाज हुआ। आजादी की 80वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लीग का शुभारंभ किया। इस मौके पर भारतीय क्रिकेट के पूर्व दिग्गज सुरेश रैना, युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, यूपीटी20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर और एमएलसी महेंद्र सिंह समेत खेल जगत की कई हस्तियां मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यूपी टी20 लीग प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मंच उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि लीग प्रदेश के पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक की प्रतिभाओं को जोड़ने का काम कर रही है। प्रदेश में छह मजबूत टीमें तैयार हुई हैं, जिनके माध्यम से युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ के विजन को आगे बढ़ाने में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यूपी टी20 लीग से निकलने वाले खिलाड़ी भविष्य में आईपीएल और भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगे। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस आयोजन को प्रदेश के लिए गौरव का अवसर बताया।

इससे पहले लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यूपी टी20 सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का उत्सव है। वहीं बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि लीग के चौथे संस्करण में 250 से अधिक युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से प्रदेश से नए क्रिकेट सितारे सामने आएंगे।
राजीव शुक्ला बोले- यूपी के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि यूपी टी-20 लीग के जरिए एक साथ करीब 200 से 250 खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को मंच देना है और इसका लाभ युवा प्रतिभाओं को मिल रहा है।उन्होंने स्पीड हंट का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल के जरिए सामने आए युवा तेज गेंदबाजों को भी लीग में जगह मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यूपी टी-20 से निकले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे चलकर आईपीएल में भी अवसर मिलेगा।
डॉ.संजय कपूर ने कहा- मिलकर मनाएंगे यूपी का क्रिकेट उत्सव
इससे पहले यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग पूरे प्रदेश का उत्सव है और इसे सभी मिलकर मनाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए उनके प्रति आभार जताया।समारोह में यूपी टी-20 लीग के ब्रांड एंबेसडर, 2011 विश्व कप विजेता और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना तथा भारतीय क्रिकेट के युवा स्टार अभिषेक शर्मा भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, एमएलसी महेंद्र कुमार सिंह, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
शंकर महादेवन और जैस्मिन ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह में संगीत और मनोरंजन का भी शानदार संगम देखने को मिला। मशहूर गायिका जैस्मिन सैंडलास ने अपनी दमदार प्रस्तुति से स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद दिग्गज गायक शंकर महादेवन ने अपने बेटों सिद्धार्थ और शिवम महादेवन के साथ प्रस्तुति दी। ‘शिव तांडव स्तोत्र’ की प्रस्तुति के साथ देशभक्ति और जोश से भरपूर गीतों ने माहौल में ऊर्जा भर दी।
ड्रोन शो में दिखी ट्रॉफी और तिरंगा
उद्घाटन समारोह का सबसे आकर्षक नजारा आसमान में हुए ड्रोन शो का रहा। सैकड़ों ड्रोन के जरिए आसमान में यूपी टी20 लीग का नाम, टीमों के लोगो, चमचमाती ट्रॉफी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर और तिरंगे की आकृतियां उकेरी गईं। इस शानदार प्रस्तुति ने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
काशी रुद्रास का स्कोर 60/1
रंगारंग उद्घाटन समारोह के बाद सीजन-4 का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास और मेरठ मावेरिक्स के बीच खेला जा रहा है। काशी रुद्रास ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। खबर लिखे जाने तक मेरठ की टीम ने 7 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 60 रन बना लिए हैं। सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी 28 गेंदों पर 40 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। काशी रुद्रास का पहला विकेट उवैस अहमद के रूप में गिरा। उवैस 9 गेंदों पर 7 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट मेरठ के गेंदबाज यश गर्ग ने लिया।