नयी दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स दाहिने पैर की हैमस्ट्रिंग में लगी चोट के कारण आगामी महिला एशिया कप और एशियाई खेलों में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होंगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। जेमिमा को इंग्लैंड में खेले जा रहे द हंड्रेड टूर्नामेंट के दौरान तीन अगस्त को चोट लगी थी।
बीसीसीआई के अनुसार, जेमिमा की बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मेडिकल टीम ने जांच की, जिसमें उनके दाहिने पैर की हैमस्ट्रिंग में हाई-ग्रेड टियर की पुष्टि हुई। चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें आगामी दोनों महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं से बाहर कर दिया गया है।
जेमिमा के बाहर होने से भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। वह टीम की प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल हैं और मध्यक्रम में आक्रामक बल्लेबाजी के साथ-साथ मैदान पर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।महिला चयन समिति ने जेमिमा की जगह प्रतिका रावल को एसीसी महिला एशिया कप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया है। महिला एशिया कप का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात में किया जाएगा।
बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा, जेमिमा रोड्रिग्स को तीन अगस्त को इंग्लैंड में द हंड्रेड खेलते समय दाहिने पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मेडिकल टीम द्वारा किए गए परीक्षण में हाई-ग्रेड टियर की पुष्टि हुई।बोर्ड ने बताया कि इस चोट के कारण जेमिमा संयुक्त अरब अमीरात में होने वाले एसीसी महिला एशिया कप के अलावा जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगी। एशियाई खेल 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित किए जाएंगे।
एशिया कप के लिए भारतीय टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, भारती फूलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमालिनी (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, प्रेमा रावत, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़ और प्रतिका रावल।