- जिला फुटबॉल लीग 2026 के फाइनल मुकाबले में टेक्ट्रो क्लब ने लखनऊ फाल्कन क्लब को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
लखनऊ, पायनियर खेल संवाददाता। जिला फुटबॉल लीग 2026 के फाइनल मुकाबले में टेक्ट्रो क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ फाल्कन क्लब को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। मुकाबले में टेक्ट्रो क्लब के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और लखनऊ फाल्कन क्लब पर दबाव बनाए रखा।
टेक्ट्रो क्लब की ओर से कार्तिक ने 29वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद अयान ने 36वें मिनट में दूसरा गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया। दूसरे हाफ में हर्ष ने 66वें मिनट में तीसरा गोल दागकर टेक्ट्रो क्लब की जीत सुनिश्चित कर दी। लखनऊ फाल्कन क्लब की टीम पूरे मुकाबले में वापसी के लिए संघर्ष करती रही, लेकिन टेक्ट्रो क्लब की मजबूत रक्षापंक्ति को भेद नहीं सकी।
फाइनल मैच के मुख्य अतिथि खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह रहे। विशेष अतिथियों में उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी और हैंडबॉल इंडिया के डॉ. आनंदेश्वर पांडे शामिल रहे। इस अवसर पर मनीष कंकड़, वुशु इंडिया के सेक्रेटरी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी देवेंद्र (ध्यानचंद), देवेंद्र भंडारी, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी आकाश मिश्रा, सर्विसेज खिलाड़ी पान सिंह, नेशनल खिलाड़ी विजय थापा, जी लाल, शैलेंद्र द्विवेदी, पूरन सिंह भंडारी, केजीएमयू के महामंत्री अनिल कुमार और के. गुलाम रसूल सहित कई खेल हस्तियां मौजूद रहीं।अतिथियों ने विजेता टेक्ट्रो क्लब और उपविजेता लखनऊ फाल्कन क्लब के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।